खेत पर गए एक और अधेड़ की सर्दी लगने से गई जान
Kanpur News - कानपुर देहात में सर्दी और शीतलहर का प्रकोप जानलेवा बन गया है। शनिवार को अफसरिया गांव के एक व्यक्ति की सर्दी लगने और सीने में दर्द के कारण मौत हो गई। जिले में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। किसानों और बुजुर्गों के लिए यह सर्दी घातक साबित हो रही है।

कानपुर देहात। जनपद में सर्दी व शीतलहर का प्रकोप जानलेवा बना है। सर्दी लगने व सीने में दर्द से लोग लगातार दम तोड़ रहे हैं। शनिवार सुबह खेतों पर गए सट्टी थाना क्षेत्र के अफसरिया की मडै़या गांव के एक अधेड़ सर्दी लगने व सीने में दर्द से गश खाकर गिर गए। घर लाए जाने पर उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा। इनके सहित जिले में सर्दी लगने व सीने में दर्द से मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। जनपद में कड़ाके की सर्दी शीतलहर से हार्टअटैक के साथ ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है।
वहीं रात में खेतों पर काम करने जाने वाले किसानों, बच्चों, बुजुर्गों के साथ स्वांस व हार्ट के मरीजों के लिए शीतलहर व कड़ाके की सर्दी घातक साबित हो रही है। सर्दी लगने व सीने में दर्द से पीड़ित होकर लोग लगातार दम तोड़ रहे हैं। सट्टी थाना क्षेत्र के अफसरिया की मड़ैया गांव के रहने वाले पचास वर्षीय मदन चंद्र शनिवार सुबह चार बजे खेतों पर गए थे। वहां सर्दी लगने व सीने में दर्द होने से उनकी हालत बिगड़ गई। घर आने के बाद सीने में तेज दर्द होने के बाद वह गश खाकर गिर गए। परिजन उनको जब तक अस्पताल ले जाने की तैयारी करते उन्होंने घर पर ही दम तोड़ दिया। इससे उनके घर में कोहराम मच गया। पति की मौत से उनकी पत्नी शीतला देवी बदहवास हो गईं, जबकि पुत्र अरूण, गुलशन व मंटोले के अलावा पुत्रियों प्रियंका व श्वेता का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। सूचना पर सट्टी थाने से पहुंची पुलिस ने प्राथमिक छानबीन करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ सट्टी कालीचरण ने बताया कि परिजनों ने सर्दी लगने व सीने में अचानक दर्द होने से उनकी मृत्यु होने की बात कही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




