
भारतीय महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के सर्वाधिक मामले
Kanpur News - स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम हेतु 'पैप स्मीयर जांच शिविर' आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. सज्जन लाल वर्मा ने कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सविता साहू ने 21 वर्ष से अधिक की महिलाओं को नियमित जांच कराने की सलाह दी।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। महिलाओं में बढ़ते गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम एवं समय पर पहचान के उद्देश्य से प्राचार्य डॉ. सज्जन लाल वर्मा के नेतृत्व में पैथोलॉजी विभाग एवं स्त्री व प्रसूति रोग विभाग के साझा सहयोग से 'पैप स्मीयर जांच शिविर' एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्राचार्य ने शिविर का अवलोकन करते हुए जनसामान्य से अनुरोध किया कि वे कैंसर के प्रति जागरूक रहें एवं स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में उपलब्ध आधुनिक जांच सुविधाओं का पूर्ण उपयोग करें। पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सोनल अमित ने बताया कि स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर भारतीय महिलाओं में दूसरे स्थान पर है।
समय पर पैप स्मीयर स्क्रीनिंग जांच द्वारा इसे कैंसर होने से पहले की अवस्था में पहचाना जा सकता है, जिससे सफल इलाज संभव है। स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सविता साहू ने बताया कि पैप स्मीयर एक सरल, सुरक्षित और लगभग दर्द रहित जांच है। उन्होंने 21 वर्ष से अधिक आयु की सभी विवाहित अथवा यौन रूप से सक्रिय महिलाओं को नियमित अंतराल पर यह जांच कराने की सलाह दी। सीएमएस डॉ. वंदना सिंह ने कहाकि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा झिझक और भ्रांतियों को दूर करना भी है। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. जगजीवन राम, डॉ. सौम्या राजपूत आदि रहे। मीडिया समन्वय डा.आराधना यादव ने किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




