
फॉलोअप : फायरिंग और बमबाजी करते आरोपितों का सीसीटीवी फुटेज आया सामने, एक गिरफ्तार
Kanpur News - सीसीटीवी फुटेज - चकेरी में रंजिश में युवक का घेराव कर फायरिंग व बमबाजी करने का मामला - पुलिस ने नाबालिग आरोपित को भेजा बाल सुधार गृह चकेरी। काजीखेड़ा में रंजिश के चलते युवक का घेराव कर फायरिंग व...
सीसीटीवी फुटेज - चकेरी में रंजिश में युवक का घेराव कर फायरिंग व बमबाजी करने का मामला - पुलिस ने नाबालिग आरोपित को भेजा बाल सुधार गृह चकेरी। काजीखेड़ा में रंजिश के चलते युवक का घेराव कर फायरिंग व बमबाजी करने के मामले में पुलिस ने पकड़े गये एक नाबालिग आरोपित को बाल सुधार गृह भेजा गया है। साथ ही अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी है। वहीं आरोपितों का इलाके में बमबाजी व फायरिंग करने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर भी आरोपितों की तलाश में जुटी है। चकेरी के सफीपुर प्रथम निवासी विकास केसरवानी बीते गुरुवार की देर शाम को समोसा लेने के लिए काजीखेड़ा स्थित दुकान पर गये थे।

जहां पर आरोपित सागर ने उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट को लेकर हुए पुराने विवाद पर घेर लिया था। इसके बाद आरोपित सागर ने अपने साथी गौरव जैन, अन्नी बउवा, विशाल राजपूत समेत अन्य लोगों ने मारपीट कर विकास पर फायरिंग और बमबाजी की थी। जिससे विकास के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया था। वहीं पुलिस ने पांच नामजद व अन्य अज्ञात के ऊपर मारपीट, हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। साथ ही 17 वर्षीय नाबालिग नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया था। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि नाबालिग आरोपित को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। वहीं आरोपितों का बमबाजी और फायरिंग करते सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसके अलावा गोली से इलाके के गुरुप्रीत की फ्रिज में निशान पड़ गया है। इससे पहले भी वर्चस्व और गांजा तस्करी के विवाद में लाल बंगला में गोलियां चल चुकी हैं। वहीं बाजार में ईगल और बिच्छू गैंग के बीच अक्सर वर्चस्व को लेकर गोलियां चल जाती हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। साथ ही फुटेज से भी आरोपितों की पहचान की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


