कानपुर में दबंगों ने सेल्समैन व हेल्पर को पीटा, एक की मौत
Kanpur News - कानपुर के भवानीपुर गांव में शराब देने से मना करने पर दबंगों ने सेल्समैन और हेल्पर को बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हेल्पर की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

कानपुर, संवाददाता। बिधनू थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में किसान नगर रोड स्थित देशी शराब ठेके में बुधवार देर रात शराब देने से मना करने पर आधा दर्जन दबंगों ने सेल्समैन व हेल्पर को बेरहमी से पीट अधमरा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायलों को हैलट में भर्ती कराया, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान हेल्पर की मौत हो गई। वहीं सेल्समैन की जान खतरे से बाहर है। मामले में पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सीसी फुटेज खंगालन कर आरोपितों की पहचान व तलाश कर रही है। भवानीपुर गांव स्थित एक देशी शराब ठेके पर फतेहपुर के चांदपुर कुलखेड़ा निवासी पवन तिवारी सेल्समैन हैं।
उनके साथ सहयोगी के रूप में भवानीपुर निवासी 55 वर्षीय उदय सिंह उर्फ बाबा भी ठेके पर रहते हैं। बुधवार देर रात पास स्थित कई गेस्ट हाउस में चल रहे शादी समारोह से आए करीब आधा दर्जन युवक ठेके पर पहुंचे और शराब की मांग करने लगे। जिसपर पवन व उदय ने निर्धारित समय के बाद देर रात शराब न देने की बात कही। इस पर दबंगों ने गाली गलौज की, पवन व उदय ठेके से बाहर निकल विरोध करने लगे। दोनों के बाहर आते ही दबंगों ने दोनों को लात-घूसों व डंडे से पीट कर मरणासन्न कर दिया। दोनों को अचेत देख हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी बिधनू से हैलट में भर्ती कराया। जहां गुरुवार सुबह उदय सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं सेल्समैन पवन की हालत खतरे से बाहर है। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि सेल्समैन पवन के भाई रितेश तिवारी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत कई धराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि शराब ठेके के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान व तलाश कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


