
उप मुख्यमंत्री ने 'अंक ज्योतिष विज्ञान' पुस्तक का किया विमोचन
Kanpur News - शकुंतला शक्ति पीठ विकास नगर में चल रहे 42 वें लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में हुए
शकुंतला शक्ति पीठ विकास नगर में चल रहे 42 वें लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के छठे दिन शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हिस्सा लिया। यहां राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों का सम्मान किया गया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने ज्योतिष को गहराई से समझाने के लिए लिखी गई पुस्तक अंक ज्योतिष विज्ञान का विमोचन भी किया। मुख्य अतिथि ब्रजेश पाठक ने कहा कि आचार्य डॉ. अमरेश मिश्र राष्ट्र की एकता और अखंडता की कामना के साथ लगातार 41 वर्षों से महायज्ञ कर रहे हैं। समाज हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की जानी चाहिए। यहां उप मुख्यमंत्री ने उद्योगपति हरेंद्र गुप्ता, रमेश वर्मा, प्रदीप सिंह, अनिल द्विवेदी, अधिवक्ता कमलेश पाठक, कारोबारी प्रवीण बाजपेई, अतुल भाटिया, डॉ. अखंड प्रकाश को शकुंतला रत्न से सम्मानित भी किया।

पीठ के संस्थापक आचार्य डॉ. अमरेश मिश्र और डॉ. सुनीता मिश्र ने उप मुख्यमंत्री को आशीर्वाद स्वरूप कनक धारा यंत्र भेंट किया। आचार्य डॉ. अमरेश मिश्र ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए त्रिपुर सुंदरी महायज्ञ कराया। इसमें शहरभर से आए भक्तों ने छुहारा, मखाना, हल्दी, कमलगट्टा, शहद, मिश्री आदि की 16 हजार आहुतियां प्रदान कीं। आचार्य डॉ. अमरेश मिश्र ने कहा कि आदि शक्ति हमें सुख, शांति, समृद्धि और ऐश्वर्य प्रदान करतीं हैं। मां महागौरी का पूजन हमें नित्य करना चाहिए। मां गौरी के रूप में पदमाक्षी, मीनाक्षी का पूजन अर्चन करना जरूरी है। उन्होंने कहाकि हमें अपने बच्चों को वैदिक शिक्षा देनी चाहिए ताकि वे हमारी संस्कृति और सभ्यता से जुड़ें। कथावाचक सदानंद जी महाराज ने गोवर्धन पूजा का महत्व बताया। कहाकि पर्यावरण की सुरक्षा हमारा परम कर्तव्य है। इस अवसर पर महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक सलिल विश्नोई, विधायक सुरेंद्र मैथानी ने आचार्य अमरेश मिश्र और ज्योतिषविद् केए दुबे पद्मेश से आशीर्वाद लिया। इस मौके पर कर्नल आशीष मिश्र, डॉ. रेनू मिश्र, रंगनाथ दीक्षित, अनुप्रिया दीक्षित, सूबेदार मेजर देव दुबे, सूबेदार उत्तम सिंह, सूबेदार श्रवण कुमार, हवलदार शैलेंद्र ने भी यज्ञ में हिस्सा लिया। यज्ञाचार्य रविशंकर, पंडित सुशील, राजेश, राधेश्याम, घनश्याम ने कालसर्प, शांति यज्ञ, सर्व ग्रह शांति यज्ञ, महामृत्युंजय यज्ञ, आदित्य हृदय स्तोत्र यज्ञ आदि कराया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


