भाजपा सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों ने यात्रा निकाल बांटे झंडे-डंडे
भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले, सत्यदेव पचौरी के अलावा विधायकों, जिला इकाइयों और मोर्चों ने शनिवार को प्रभात फेरी, पैदल मार्च कर लोगों को अमृत...
भाजपा सांसदों, विधायकों, जिला इकाइयों और मोर्चों ने शनिवार को प्रभात फेरी, पैदल मार्च कर लोगों को अमृत महोत्सव के लिए जागरूक किया। घरों में जाकर तिरंगा और डंडा भी बांटे। यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा। भाजपा उत्तर-दक्षिण और ग्रामीण इलाकों के जिला प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने नवीन मार्केट दफ्तर जाकर झंडा वितरण की रणनीति समझी। बाजारों में जाकर झंडे का वितरण भी किया।
भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ की ओर से जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज प्राचार्य संजय काला व श्रीकृष्ण दीक्षित ने स्टाफ को तिरंगा देकर इसका महत्व बताया। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सरोज सिंह के नेतृत्व में मातृशक्ति ने यात्रा निकाली। इसमें विधायक नीलिमा कटियार, सुनील बजाज, पूनम कपूर, कमलावती सिंह, अनीता गुप्ता सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं। सुनील बजाज ने पार्टी दफ्तर के नीचे दुकानदारों को झंडा बांटा। सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कल्याणपुर पनकी रोड स्थित गायत्री मंदिर से आशा देवी मंदिर तक यात्रा निकाली। इसमें बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे। भारत माता की जयघोष के साथ सांसद सत्यदेव पचौरी ने काकादेव में तिरंगा यात्रा निकाली। आमजनों से घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। विजय मिश्र, अरुण पाल, राघवेंद्र मिश्र, मंजीत सिंह, दीपक शुक्ल और केके मिश्र मौजूद रहे। पार्षद राघवेंद्र मिश्र का दावा है कि अब तक तीन हजार घरों पर झंडा लगवा चुके हैं। पार्षद गोपाल गुप्त ने 1100 घरों पर झंडे लगवाए। सर्व ब्राह्मण सभा के वीरेंद्र दुबे, डॉ. दिवाकर मिश्र, ओमनारायण त्रिपाठी सहित सभी पदाधिकारियों ने तिरंगा शृंखला का आयोजन चेतना चौराहे पर किया।