भाजपा नेता पर हमला करने वालों ने सिपाही के माता-पिता को भी पीटा
कानपुर के उस्मानपुर में भाजपा नेता और दो अन्य पर हमले के बाद दबंगों ने एक सिपाही के परिवार पर भी हमला किया। सिपाही की माता-पिता को पीटा गया और उनके ई-रिक्शा में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

कानपुर, संवाददाता। हनुमंतविहार थाना क्षेत्र के उस्मानपुर में सोमवार को भाजपा नेता समेत दो का सिर फोड़ने वाले दबंगों ने सिपाही के घर में भी हमला किया था। सिपाही के माता-पिता को पीटने के साथ ही उनके ई-रिक्शा में तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने सिपाही की मां की तहरीर पर वीरू उर्फ विकास वर्मा, सुभाष वर्मा, रिषभ वर्मा और अभि वर्मा समेत आठ अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की है। बता दें भाजपा नेता और अन्य पर जानलेवा हमले के आरोप में भी अभि वर्मा को छोड़कर बाकी तीनों नामजद हैं। उस्मानपुर गांव में रहने वाली विद्यावति पाल ने बताया कि उनका बेटा सिपाही है और प्रयागराज में तैनात है।
25 मई की शाम को वह घर में अकेली थीं। इस बीच मोहल्ले के विकास वर्मा, सुभाष वर्मा, रिषभ वर्मा, अभि वर्मा समेत आठ अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। धमकी दी कि तुम पुलिस वाले की मां हो न तुम्हें और पूरे परिवार को देख लेंगे। इस बीच उनके पति लखन पाल बाहर से आ गए तो उन्हें भी पीट दिया। पति के ई-रिक्शा में भी तोड़फोड़ की। विद्यावति का कहना है कि इन लोगों ने रविवार को लालजी पाल का हाथ तोड़ा था और उसी विवाद में सोमवार को पथराव कर दो लोगों के सिर फोड़ने के साथ ही लालजी के बेटों से भी मारपीट की थी। दबंगों का मानना है कि वह लालजी पाल के परिवार से ज्यादा मेलजोल रखती हैं। इसी वजह से उनके यहां भी हमला किया। हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि तहरीर पर चार नामजद समेत आठ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


