Kanpur News: मार्ग दुर्घटना में बाइक सवार फैक्ट्री श्रमिक की मौत
Kanpur News: कानपुर देहात के जरसेन गांव में एक श्रमिक, जो ड्यूटी पर जा रहा था, अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी गजनेर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने परिवार में कोहराम मचाया, क्योंकि वो एक साल के बच्चे का पिता था।

Kanpur News: कानपुर देहात। मूसानगर थाना क्षेत्र के जरसेन गांव से ड्यूटी करने रनियां जा रहा बाइक सवार एक श्रमिक बुधवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी पर पहुंचे परिजन उसे गंभीर हालत में सीएचसी गजनेर ले गए। डॉक्टर ने जांच के बाद उसको मृत घोषित कर दिया। इससे कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जरसेन गांव का रहने वाला 30 वर्षीय गुलाब सिंह रनियां की एक फैक्ट्री में काम करता था। बुधवार देर शाम को वह घर से बाइक लेकर रनियां जाने के लिए निकला था।
रास्ते में अकबरपुर झबैया के पास वह अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही वहां पहुंचे परिजन उसको गंभीर हालत में सीएचसी गजनेर लाए। यहां मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद गुलाब सिंह को मृत घोषित कर दिया। इससे वहां कोहराम मच गया। पति की मौत से उसकी पत्नी संजना बदहवास हो गई, जबकि मां लक्ष्मी देवी व भाई चंद्रपाल का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रोते हुए परिजनों ने कहा कि हादसे में एक साल के मासूम आर्यन के सिर से पिता का साया छिन गया। सीएचसी गजनेर से भेजे गए मेमो पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ गजनेर सनत कुमार ने बताया कि दुर्घटना कानपुर नगर के रेउना थाना क्षेत्र में हुई है। सीएचसी से भेजे गए मेमो के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अग्रिम कार्रवाई रेउना थाने के स्तर से ही होगी।

