
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार शटरिंग कारीगर की मौत
Kanpur News - कोतवाली शिवली क्षेत्र के बैरी सवाई गांव में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जो बाद में मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान निधन हो गया। युवक कुलदीप गौतम 25 वर्ष का था और वह गैस सिलेंडर लेने गया था। परिजनों में कोहराम मच गया है और पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली शिवली क्षेत्र के बैरी सवाई गांव में शिवली-कल्यानपुर मार्ग पर गुरुवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसकी देर रात उपचार के दौरान मेडिकल कालेज में मौत हो गई। जानकारी लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। कोतवाली क्षेत्र के ज्योती के मजरा जुगराजपुर गांव निवासी पुत्ती लाल का पच्चीस वर्षीय पुत्र कुलदीप गौतम शटरिंग कारीगर था। वह पत्नी नीतू पुत्र आदित्य (8) पुत्री अदिति (5) के साथ जीवन यापन कर रहा था। गुरुवार को दोपहर बाद वह गैस-सिलेंडर लेने बैरी सवाई गया था।
वहां से गैस भरवा कर वापस गांव लौट रहा था। शिवली-कल्यानपुर मार्ग पर बैरी भट्ठे के पास सामने से चले आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची डायल-112 ने एम्बुलेंस से घायल को सीएचसी भेजा था, जहां मौजूद डॉक्टरों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार कर गंभीर हालत में मेडिकल कालेज रिफर कर दिया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी बदहवास हो गई, जबकि मां सुखदेई, बहन बबली, विकलांग भाई धर्मवीर का रो-रो कर बुरा हाल था। पिता पुत्तीलाल की सूचना पर पहुंचे दरोगा शिवेंद्र वर्मा ने घटना की छानबीन कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। इस बावत कोतवाल प्रभारी प्रवीण यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




