
बरेली हंटर्स और मेरठ जोन में होगी फाइनल भिड़ंत
Kanpur News - 26वीं यूपी पुलिस वार्षिक क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में बरेली ने पीएसी पूर्वी जोन को 64 रन से हराया, जबकि मेरठ ने प्रयागराज जोन को 7 विकेट से पराजित किया। फाइनल मुकाबला बरेली हंटर्स और मेरठ जोन के बीच शुक्रवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा।
- सेमीफाइनल में बरेली ने पीएसी पूर्वी जोन को और मेरठ ने प्रयागराज जोन को हराया - 26वीं यूपी पुलिस वार्षिक क्रिकेट टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए कानपुर, प्रमुख संवाददाता। 26वीं यूपी पुलिस वार्षिक क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में बरेली हंटर्स ने पीएसी पूर्वी जोन क्रिकेट टीम को 64 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में मेरठ जोन ने प्रयागराज जोन को सात विकेट से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबला शुक्रवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में बरेली हंटर्स और मेरठ जोन के बीच खेला जाएगा।

श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में बरेली हंटर्स ने 20 ओवर में छह विकेट पर 209 रन बनाए। टीम की ओर से अन्नू चपराना ने 70 रन व मोहित कटारिया ने 52 रन की शानदार पारी खेली। गेंदबाजी में नवनीत सिंह, फैजान, शुभम व उदय यादव ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी पीएसी पूर्वी जोन क्रिकेट टीम 17.3 ओवर में 145 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से कल्पनीत ने 26 रन, मनीष शर्मा ने 25 रन व आशीष ने 23 रन बनाए। गेंदबाजी में कमल चंदेल ने तीन, अन्नू चपराना ने दो और अचिन, मानिक, चेतन, राहुल, मोहित ने एक-एक खिलाड़ी को आउट किया। अन्नू चपराना को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। 90 रन बनाकर मैच जीता फूलबाग स्थित डीएवी मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में प्रयागराज जोन की पूरी टीम 18.3 ओवर में 89 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से सर्वाधिक 16 रन अभिषेक शुक्ला ने बनाए। गेंदबाजी में धर्मेंद्र सिंह ने चार, विवेक, ज्ञानेंद्र सिंह ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में खेलने उतरी मेरठ जोन ने 10.4 ओवर में तीन विकेट पर 90 रन बनाकर मैच जीता। टीम की ओर से अमन जुरैल ने 22 रन, राहुल ने 21 रन बनाए। गेंदबाजी में शिवजीत को दो सफलता मिली। धर्मेंद्र सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


