पूर्व विधायक का कानपुर में बैंक खाता फ्रीज
एटा के सपा नेता और अलीगंज के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव के फॉर्म हाउस के बाद अब उनका शहर में चल रहा बैंक खाता भी फ्रीज कर दिया गया। तहसीलदार...

एटा के सपा नेता और अलीगंज के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव के फॉर्म हाउस के बाद अब उनका शहर में चल रहा बैंक खाता भी फ्रीज कर दिया गया। तहसीलदार सदर को प्रशासक नियुक्त किया गया है। इससे पहले उनका ख्यौरा स्थित फार्म हाउस सील किया जा चुका है। रामेश्वर यादव और उनके भाई जुगेंद्र सिंह के खिलाफ दर्जनों मुकदमें दर्ज हैं। 18 अप्रैल को गैंगस्टर एक्ट के तहत उनके विरुद्ध केस दर्ज किया गया। डीएम एटा अंकित अग्रवाल के पत्र पर कानपुर के डीएम ने रामेश्वर का कटरी ख्योरा का फॉर्म हाउस सील करा दिया था। इसकी चाभी नवाबगंज पुलिस को सौंप दी गई है। अब फिर से डीएम एटा ने पत्र भेजकर पूर्व विधायक रामेश्वर का बैंक खाता सील कराने का निर्देश दिया था। एसडीएम सदर ने तत्काल अमीन भेजकर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया पांडु नगर के बैंक खाते को अग्रिम आदेश तक फ्रीज कर दिया गया। तहसीलदार सदर रितेश सिंह को प्रशासक नियुक्त किया गया है।
कई बार लेन-देन, लाखों की रकम पड़ी
इस बैंक खाते में कई बार लेन-देन किए गए हैं। इसमें लाखों की रकम भी है। विधायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने पर जांच अधिकारी ने जानकारी जुटाई थी। अब खाते से किसी भी तरह का लेन-देन नहीं हो सकेगा। सील करके जानकारी एटा डीएम को भेज दी गई है।
