बदहाली का शिकार हो गया लालपुर-शिवराजपुर का अमृत सरोवर
Kanpur News - शिवली में केंद्र सरकार की अमृत सरोवर योजना अधिकारियों की लापरवाही के चलते विफल हो गई है। तीन साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी लालपुर शिवराजपुर गांव का तालाब बदहाल स्थिति में है। योजना के अनुसार तालाब का निर्माण और सुंदरीकरण होना था, लेकिन अब तक कोई भी काम पूरा नहीं हुआ है।

शिवली। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अमृत सरोवर अफसरों की लापरवाही की भेंट चढ़ गई है। निर्माण व सुंदरीकरण की निर्धारित समयावधि से करीब तीन साल से ज्यादा समय गुजरने के बाद भी काम पूरा न हो सका है। आलम यह है कि आज भी लालपुर शिवराजपुर गांव में चयनित अमृत सरोवर तालाब बदहाली का शिकार है। इससे लाखों रुपये का वारा-न्यारा होने के बाद भी आज दिन तक अव्यवस्थाओं का शिकार अमृत सरोवर जिम्मेदार लोगों को मुंह चिढ़ा रहा है। बारिश के पानी की बूंद-बूंद सहेजने के लिए तालाबों को दुरुस्त करने के लिए अमृत सरोवर योजना के रूप में पिछले तीन साल पहले शुरू हुई थी।
सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मैथा ब्लॉक क्षेत्र के लालपुर शिवराजपुर गांव में पन्था देवी मंदिर के समीप करीब दो बीघे क्षेत्रफल में फैले तालाब को अमृत सरोवर के रूप में चयनित कर खुदवाने का निर्णय लिया गया था। योजना के हिसाब से सरोवर की खुदाई के साथ इसके चारों ओर इंटरलॉकिंग,चारों ओर बाउंड्री वाल, टहलने के लिए पथवे निर्माण, सड़क, सीढ़ियां, इनलेट, आउटलेट, बंधा निर्माण, झंडारोहण रोड फ्लैग पोस्ट, ट्री-गार्ड, के साथ फलदार व इमारती लकड़ी के पौधों का रोपण किया जाना था। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी से बीती 22 मई 2022 से शुरू हुई योजना तीन साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आज तक परवान नहीं चढ़ सकी है। वहां पाथ-वे,इंटर लॉकिंग सड़क, बाउंड्री वाल,बंधा निर्माण तो दूर की बात तालाब की तलहटी तक समतल नहीं हो सकी है। तालाब में काई युक्त गंदा पानी भरा हुआ है।अमृत सरोवर योजना की शुरुआत होने के कुछ माह बाद तालाब की खुदाई का कार्य शुरू हुआ था।जिम्मेदार लोगों ने योजना परवान चढ़ने से पहले ही खेल शुरू कर दिया और मिट्टी खुदाई के नाम पर हुए खेल की दास्ता गंदगी से पटा पड़ा तालाब खुद-ब-खुद बयां कर रहा है।बीते वर्षों लाखों रुपये खर्च होने के बाबजूद भी अमृत सरोवर तालाब में न गेट बना है,न ही बाउंड्री वाल दिख रही और न सीमेंटेड कुर्सियां,न पथवे,न पौधरोपण यहां तक कि झंडारोपण के लिए बनाया गया चबूतरा तक क्षतिग्रस्त होकर अपने सुंदरी करण की बाट जोहते हुए ज़िम्मेदार लोगों की पोल खोल रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




