Kanpur News: गर्मी में शहर भर के चौराहों पर होगी छाया की व्यवस्था
Kanpur News: कानपुर में गर्मी और लू के दौरान ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को राहत देने के लिए उच्च न्यायालय ने हर साल सभी चौराहों पर छाया की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। अधिवक्ता रविन्दर सिंह अरोरा और जसमीत सिंह की जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। नगर निगम ने आठ चौराहों पर शेड लगाए थे, लेकिन याचिकाकर्ताओं ने इन्हें पूरे शहर में लगाने की मांग की।

Kanpur News: कानपुर। गर्मी में रेड लाइट के दौरान चौराहों पर ट्रैफिक रुक जाता है। ऐसे में लोग पसीना बहाते हैं और परेशान होते हैं। हाईकोर्ट ने गर्मी से पहले शहर भर के चौराहों पर छाया की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। अधिवक्ता रविन्दर सिंह अरोरा और उनके बेटे अधिवक्ता जसमीत सिंह ने वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 मई को उच्च न्यायालय में राज्य सरकार, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, डीसीपी यातायात को पक्षकार बनाते हुए जनहित याचिका दाखिल की थी। मांग थी कि गर्मी में तेज धूप और लू के दौरान चौराहों पर रेड लाइट होने से दोपहिया वाहन चालकों समेत अन्य सभी को रुकना पड़ता है।
इससे राहगीरों को काफी परेशानी होती है। इसलिए हर चौराहे पर शेड की व्यवस्था कराई जाए। याचिका की सुनवाई चीफ जस्टिस अरुण भंशाली और न्यायाधीश क्षितिज शैलेन्द्र की बेंच ने की। नगर निगम की तरफ से 17 जुलाई को चौराहों पर शेड की व्यवस्था करने का जवाब दाखिल किया गया। इस पर अधिवक्ता जसमीत सिंह ने बहस करते हुए कहा कि नगर निगम ने बड़ा चौराहा, सीटीआइ चौराहा, नंदलाल चौराहा, फजलगंज, टाटमिल और पीएसी मोड़ समेत आठ चौराहों पर दो साइड में शेड लगवाए हैं। यह पूरे शहर के चौराहों पर होना चाहिए। इस पर उच्च न्यायालय ने आदेश दिया कि हर वर्ष गर्मी में चौराहों पर छाया की व्यवस्था की जाए।

