कर्मचारी पर लगाया दो करोड़ का गबन करने का आरोप
Kanpur News - जाजमऊ में एक टेनरी संचालक ने कर्मचारी सुरेश कुमार पर 2 करोड़ रुपये गबन करने का आरोप लगाया है। सुरेश ने फर्जी बिल्टी बनाकर कंपनी के खातों से पैसे निकाल लिए और अपनी पत्नी के लिए आभूषण और प्लॉट खरीदे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

चकेरी, संवाददाता। जाजमऊ में एक टेनरी संचालक ने कर्मचारी पर दो करोड़ रुपये गबन करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। संचालक का आरोप है कि एकाउंट सेक्शन के एक कर्मचारी ने फर्जी बिल्टी और दस्तावेज तैयार कर कंपनी के खातों से दो करोड़ रुपये की रकम निकाल ली। इस रकम से उसने अपनी पत्नी के लिए आभूषण और प्लॉट भी खरीदे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जाजमऊ के वाजिदपुर स्थित इनायत ओवरसीज फर्म के संचालक मोहम्मद शाहनवाज के अनुसार कैंट के खपरा मोहल्ला निवासी सुरेश कुमार पिछले पांच साल से उनकी फर्म में एकाउंटेंट थे। सुरेश ट्रांसपोर्ट संबंधित भुगतानों का काम देखता था।
आरोप है कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर भारत ट्रांसपोर्ट, एसएएफ ट्रांसपोर्ट और एसएन ट्रांसपोर्ट कंपनी के नाम से फर्जी बिल्टी तैयार कीं। इन बिल्टियों के आधार पर खातों में एंट्री दिखाकर दो करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान निकलवा लिया। शाहनवाज को जब गबन की आशंका हुई, तो उन्होंने इसकी जांच करवाई। लेनदेन के कागजात का मिलान करने पर दो करोड़ रुपये से अधिक के गबन का खुलासा हुआ। जिसके बाद शाहनवाज से सुरेश से पूछताछ की तो उसने रुपयों के गबन की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि सुरेश ने गबन की रकम को अपने और अपनी पत्नी आरती के बैंक खातों में ट्रांसफर किया। इन रुपयों से आरोपित ने जमीन खरीदी, आभूषण लिए और एक लैपटॉप भी खरीदा। शेष राशि शेयर बाजार में लगाने और खर्च करने की बात भी सामने आई है। शाहनवाज ने बताया कि आरोपित के पास से 17.95 लाख रुपये नकद और एक लैपटॉप जब्त किया है। जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता से की। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


