
किदवई नगर के 3500 घरों में मार्च 27 से 24 घंटे पानी
Kanpur News - कानपुर में पहली बार 24 घंटे जलापूर्ति की सुविधा मिलेगी। गीता पार्क में जल निगम को जमीन मिल गई है। मार्च 2027 तक यहां जलापूर्ति शुरू की जाएगी। इस पायलट प्रोजेक्ट से किदवई नगर के 3500 घरों के करीब 18 हजार लोग लाभान्वित होंगे। 15 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है।
गंगा जल की होगी सप्लाई, गीता पार्क में जल निगम को मिली जमीन पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर प्रदेशभर में शुरू हो रही जलापूर्ति योजना कानपुर, प्रमुख संवाददाता। कानपुर में पहली बार 24 घंटे जलापूर्ति की सुविधा मिलने जा रही है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसकी शुरुआत शहर दक्षिण से हो रही है। मार्च 2027 तक गीता पार्क क्षेत्र में जलापूर्ति भी शुरू हो जाएगी। इसके लिए जल निगम को गीता पार्क में जमीन भी मिल गई है। सरकार की पूरे प्रदेश में 24 घंटे जलापूर्ति की योजना है। इस क्रम में पायलट प्रोजेक्ट के तौर सभी जिलों में एक इलाके को चुना गया है, जहां 24 घंटे जलापूर्ति की कवायद शुरू हो गई है।
कानपुर शहर दक्षिण के किदवई नगर को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है। गीता पार्क के आसपास के बाशिंदों का इसका लाभ मिलेगा। करीब 18 हजार की आबादी होगी लाभान्वितः 24 घंटे जलापूर्ति के पायलट प्रोजेक्ट में 3500 घरों के करीब 18 हजार लोगों को लाभान्वित किया जाना है। हर घर तक नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए 15 करोड़ का बजट शासन से स्वीकृत हुआ है। मिट्टी की भौतिक जांच के बाद जल निगम प्रोजेक्ट की डिजाइन तैयार करेगा। अधिकारियों की मानें तो दो महीने में डिजाइन बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए 12 माह का समय मिला है। ताकि, फरवरी 2027 तक हर हाल में काम पूरा कर लिया जाए और मार्च 2027 से 24 घंटे जलापूर्ति भी शुरू कर दी जाए। योजना के तहत सुबह, दोपहर और शाम को फुल प्रेशर से पानी आएगा। जबकि बाकी समय में प्रेशर कम रहेगा। योजना सफल रही तो अगले चरण में शहर के अन्य हिस्सों को भी 24 घंटे जलापूर्ति की सेवा से जोड़ा जाएगा। 24 घंटे जलापूर्ति के पायलट प्रोजेक्ट के लिए गीता पार्क में जमीन मिल गई है। 3500 घरों में पहले चरण में जलापूर्ति की जाएगी। फरवरी 2027 तक हर हाल में काम पूरा करने की समय सीमा है। प्रवीण कुमार यादव, एक्सईएन जल निगम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




