Kanpur Weather: जमकर बरसे बादल ने दिलाई राहत, अगले दो दिन भारी बारिश के आसार

मुख्य संवाददाता, कानपुर
Follow us on Google News
share

Kanpur Weather: कानपुर में जमकर बरसे बादल ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन भारी बारिश के आसार हैं। ऐसे में कानपुर में जलभराव की स्थिति हो गई है।

कानपुर में भारी बारिश

यूपी के कानपुर में सुबह और शाम तेज बारिश ने गर्मी से काफी हद तक राहत दिला दी है। दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। तेज हवाएं चलीं तो उमस से भी राहत मिली। देर रात फिर हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार 11 जुलाई से भारी बारिश की संभावना है। इससे पहले और बाद में छिटपुट बारिश होती रहेगी।

गुरुवार को सुबह से घने बादल छाए थे। तेज हवा चल रही थी। इससे मौसम खुशगवार बना हुआ था। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई, लेकिन यह लंबे समय तक नहीं चली। सुबह 10 बजे के बाद फिर कई इलाकों में बारिश हुई। बदली ने मौसम बेहतर बना दिया। शाम होते ही फिर फुहारें पड़ीं। हल्की उमस भी रही लेकिन गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान 36 डिग्री से गिरकर 33.6 डिग्री सेल्सियस हो गया।

फुहारों और बदली से 2.4 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लेकिन बादलों के चलते रात के तापमान में वृद्धि हुई। न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री से 28.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। 2.4 डिग्री की वृद्धि हो गई। नमी का अधिकतम प्रतिशत 81 और न्यूनतम 68 पहुंच गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार यूपी में मानसून आंशिक रूप से सक्रिय है।

जलभराव ने रुलाया

जिले में गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा और दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश से लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन शहर की सड़कों पर जलभराव, कीचड़ और चोक नालियों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। आधा दर्जन मोहल्लों में सुबह से ही पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सुबह स्कूल जाने के समय हल्की बारिश होने से कई छात्र-छात्राएं रेनकोट और छाता लेकर घरों से निकले। कई अभिभावक भी बच्चों को स्कूल छोड़ने पहुंचे। बारिश के बीच छोटे-छोटे बच्चे रंग-बिरंगे रेनकोट पहनकर स्कूल जाते नजर आए। कई जगह पर नालियां और नाले चोक होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया। कई इलाकों में सुबह से जलभराव की स्थिति बनी रही। घरों के बाहर पानी भरने से लोगों को निकलने में परेशानी हुई, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन के कारण सावधानी बरतनी पड़ी।

दो दिनों तक भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना

जनपद में 11 जुलाई तक भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना है। जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने को कहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित भारी वर्षा के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति हो सकती है। नदी, नालों, जलाशय में जलस्तर बढ़ सकता है और अधिक वर्षा से यातायात प्रभावित हो सकता है। उन्होंने सभी तहसीलों, नगर निकायों, पुलिस, स्वास्थ्य व अन्य विभागों को अलर्ट रहने को कहा है।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।