
वसूलीबाज यू-यूट्यूबर, फर्जी पत्रकार…यूपी के इस जिले में पुलिस का ‘ऑपरेशन 500’ शुरू, जानें क्या है मकसद
पुलिस को लगातार वसूलीबाज, रंगदारी, थानों में दलाली और जांच के नाम पर पीड़ितों से उगाही की सूचनाएं मिल रही हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने इस जिले में ऑपरेशन 500 की शुरुआत की है। यह ऑपरेशन लगातार 500 घंटे तक चलेगा। पीड़ित व्हाट्सएप नंबर (7839863274) पर साक्ष्यों के साथ शिकायत भेज सकते हैं।
वसूलीबाज यूट्यूबर्स, कथित पत्रकार, थाने के दलाल और भ्रष्ट पुलिस कर्मियों पर शिकंजा कसने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने ‘ऑपरेशन 500’ शुरू किया है। लोगों की सूचना पर ऐसे वसूलीबाजों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी है। इसके लिए व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। सूचना देने वालों का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा। हालांकि सूचना झूठी मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इसके लिए अलग से सेल बनाई गई है, जो व्हाट्सएप पर आने वाली शिकायतों पर कार्रवाई करेगी। बता दें, ऑपरेशन महाकाल के बाद कमिश्नरेट पुलिस का यह दूसरा ऑपरेशन है।
कमिश्नरेट पुलिस को लगातार वसूलीबाज, रंगदारी, थानों में दलाली और जांच के नाम पर पीड़ितों से उगाही की सूचनाएं मिल रही हैं। इसे देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने ऑपरेशन 500 की शुरुआत की है। यह ऑपरेशन लगातार 500 घंटे तक चलेगा। पीड़ित व्हाट्सएप नंबर (7839863274) पर साक्ष्यों के साथ शिकायत भेज सकते हैं। पीड़ित कार्यालय पहुंचकर सीधे अधिकारी से शिकायत कर सकते हैं।
अवैध गतिविधियों और करप्शन संबंधी सूचना देने की अपील
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार ने बताया कि आमजन से सूचना और शिकायत देने की अपील की गई है। आमजन अपने आसपास अवैध गतिविधियों, आपराधिक तत्वों, भ्रष्टाचार या किसी भी स्तर पर संदिग्ध आचरण की जानकारी इस नंबर पर भेज सकते हैं। किसी को परेशान करने या फंसाने के लिए गलत सूचना न देने की भी अपील की है।
वीडियो बनाकर वसूली करने, थानों में दलाली जैसी शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इसे देखते हुए ऑपरेशन 500 शुरू किया गया है। पीड़ित व्हाट्सएप नंबर पर अपनी शिकायत भेज सकते हैं। ऐसे अपराधियों को जेल भेजा जाएगा। - आशुतोष कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था
‘महाकाल’ में 154 शिकायतें
ऑपरेशन महाकाल की शुरुआत पांच अगस्त से हुई थी। इसका पहला चरण 18 अगस्त तक चला, जिसमें शिकायतें ली गईं। दूसरा चरण 19 अगस्त से पांच सितंबर तक चला, इसमें शिकायतों का परीक्षण किया गया। कुल 154 शिकायतें मिली थीं। पहली गिरफ्तारी चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे, उसके साथी लवी मिश्रा की हुई। भूमाफिया गजेंद्र सिंह नेगी पर भी कार्रवाई की गई। अखिलेश से यारी में छह पुलिस कर्मियों पर भी गाज गिरी। सीओ ऋषिकांत शुक्ला को आय से अधिक संपत्ति मामले में निलंबित किया गया। इंस्पेक्टर आशीष द्विवेदी,एसआई रानू रमेश चंद्र को बर्खास्त किया गया। वकीलों व अन्य भूमाफियों पर गाज गिरी।
इन बिंदुओं पर 7839863274 पर दें सूचना
-थानों पर पुलिस की दलाली करने वाले व्यक्तियों की जानकारी
- क्षेत्र में क्रिमिनल एक्टिविटीज और उनमें संलिप्त व्यक्तियों की सूचना
- फेक यूट्यूबर्स जो ब्लैकमेल व दलाली करते हैं, उनकी जानकारी
- आपराधिक प्रवृत्ति के पुलिस कर्मियों के संबंध में सूचना
- समाज में चल रही अवैध गतिविधियां जैसे नकली दवाएं, खाद्य पदार्थ, अवैध शराब का उत्पादन व बिक्री, नशीली दवाओं व पदार्थों के संबंध में सूचना
- चोरी या लूट का सामान खरीदने या बेचने वालों की जानकारी
- जुआ व सट्टेबाजी का रैकेट चलाने वालों की जानकारी
- किसी गांव व मोहल्ले में किसी संदिग्ध व्यक्ति के आकर बसने की सूचना
- अवैध हथियार बनाने, रखने या बेचने वालों की जानकारी





