
आ गया हूं अब लंगड़ा मत करना... यूपी पुलिस के हॉफ एनकाउंटर के डर से परिवार संग लुटेरा पहुंचा थाने
यूपी के कानपुर में महिला सिपाही से लूट का आरोपी हॉफ एनकाउंटर के डर से परिवार के साथ सीसामऊ थाने पहुंच गया। थाने पहुंचकर पुलिस से बोला, साहब मैं हाजिर हो गया हूं। अब लंगड़ा मत करना। उसके सरेंडर के दौरान साथ आयी महिलाओं और युवकों ने आरोपी का वीडियो बनाया।
यूपी के कानपुर में महिला सिपाही से लूट का आरोपी हॉफ एनकाउंटर के डर से परिवार के साथ सीसामऊ थाने पहुंच गया। थाने पहुंचकर पुलिस से बोला, साहब मैं हाजिर हो गया हूं। अब लंगड़ा मत करना। उसके सरेंडर के दौरान साथ आयी महिलाओं और युवकों ने आरोपी का वीडियो बनाया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकाला। इस दौरान उसे हथकड़ी में घटनास्थल और उसके घर ले जाया गया। पुलिस आरोपी के साथी को पहले ही जेल भेज चुकी है।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि बीती 28 दिसंबर को महिला थाने में तैनात सिपाही पिंकी पाल नाइट ड्यूटी समाप्त करके चमनगंज थाना स्थित अपने आवास लौट रहीं थी। इसी दौरान करीब सुबह सात बजे प्रेम नगर प्राइमरी विद्यालय के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने उनका पर्स लूट लिया था। पर्स में 10 हजार रुपये, ब्लूटूथ डिवाइस व अन्य जरूरी दस्तावेज थे। सीसामऊ पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर सीसी कैमरों की मदद से घटना में शामिल कंघी मोहाल निवासी मारूफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पूछताछ में उसने पुलिस को बताया था कि बीती 27 दिसंबर की रात वह बेकनगंज निवासी अपने साथी शयान रजा उर्फ शयान मिर्जा के साथ रात में शराब पी रहा था। और शराब पीने के लिए रुपये खत्म हो चुके थे। जिसके बाद वह लोग पूरी रात चमनगंज, बेकनगंज, अनवरगंज और घंटाघर में घूमते रहे।
इस बीच 28 दिसंबर को सुबह महिला सिपाही को अकेला पाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। मारूफ के जेल जाने के बाद से आरोपित शयान रजा शहर छोड़कर फतेहपुर भाग गया। पुलिस टीम आरोपित की गिरफ्तारी के लिए फतेहपुर पहुंची। जिसकी जानकारी होने पर आरोपित ने हॉफ एनकाउंटर होने के डर से घर की महिलाओं और अन्य लोगों के साथ वीडियो बनवाते हुए सीसामऊ थाने में सरेंडर कर दिया। आरोपित के पास से लूटी गई ब्लूटूथ डिवाइस, 770 रुपये नकद मिला है। आरोपी को जेल भेज दिया गया। शयान कर्नलगंज थाने से आर्म्स एक्ट में भी जेल जा चुका है।
पुलिस तीन दिन डाले रही डेरा
महिला सिपाही से लूट में पुलिस टीम ने एक जनवरी को आरोपित मारूफ को जेल भेजा था। जिसके बाद से फरार साथी शयान रजा उर्फ शयान मिर्जा निवासी बेकनगंज की तलाश थी। पुलिस सूत्रों की माने तो शयान न्यायालय में सरेंडर की फिराक में था। जिसकी जानकारी होने पर पुलिस टीम तीन दिन से फतेहपुर में डेरा डाले हुए थी। शयान को भनक लगी तो वह साथी की थार कार से भाग निकला। जिस पर पुलिस ने चकेरी में कार को पकड़ने का प्रयास किया पर वह पुलिस को चकमा देकर कार से रास्ते में ही उतर गया। पुलिस ने कार पकड़ी, लेकिन आरोपित नहीं मिला। कुछ देर बाद आरोपित अपने घर की महिलाओं और साथियों के साथ पुलिस के पास पहुंच गया।





