
मामा के घर शादी में जा रहे भांजे की ट्रक की टक्कर से मौत
Kannauj News - तालग्राम में एक युवक उपेंद्र कुमार अपनी बाइक से मामा की शादी में जा रहा था, जब तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। घटना में युवक की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उपेंद्र तीन बेटियों का पिता था और परिवार का मुख्य सहारा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तालग्राम, संवाददाता। बाइक से मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे युवक की तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। एटा जिले के थाना जसरतपुर क्षेत्र के गांव उम्मेदापुर निवासी उपेंद्र कुमार (28) पुत्र नेत्रपाल कठेरिया बुधवार शाम अपने घर से तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव आसफपुर पट्टी निवासी मामा रामनिवास कठेरिया के यहां जा रहे थे। जैसे ही वह तालग्राम–छिबरामऊ मार्ग पर केसरी नगला गांव के पास पहुंचे। तभी तालग्राम की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही उपेंद्र बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची तालग्राम पुलिस ने घायल को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालग्राम पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। मौत की खबर मिलते ही पत्नी बिट्टा देवी और मां किशोरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी तीन बेटियां पालक (7 वर्ष), झलक (4 वर्ष) और पल्लवी (1 वर्ष) है। उपेंद्र चार भाइयों में सबसे बड़ा था। जबकि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




