Kannauj News: जल संरक्षण के प्रति छात्र छात्राओं ने दिखाई जागरूकता
Kannauj News: गुरसहायगंज में, नगर पालिका परिषद ने जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों में प्रतियोगिताएँ आयोजित कीं। रागिनी कौशल ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग मॉडल पेश किया, जिसके लिए उसे पुरस्कार मिला। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना है।

Kannauj News: गुरसहायगंज, संवाददाता। नगर पालिका परिषद ने भूजल सप्ताह एवं ''कैच द रेन'' अभियान के तहत जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता के मकसद से नगर के विभिन्न विद्यालयों में क्राफ्ट, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया। नगर के सरोजनी देवी आर्य बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर आधारित अत्यंत आकर्षक व उपयोगी मॉडल तैयार करके अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का परिणाम
प्रतियोगिता में प्रस्तुत मॉडलों का मूल्यांकन करने पर कक्षा नौ की छात्रा रागिनी कौशल का रेन वाटर हार्वेस्टिंग मॉडल काफी सराहाया गया। नगर पालिका परिषद ने छात्रा को एक हजार रुपये नकद पुरस्कार के साथ प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट एवं सराहनीय मॉडल प्रस्तुत करने वाली निशा कौशल, आनंदी कौशल, रत्ना, संजना, प्रतिज्ञा, कंचन कुशवाहा, रिचा, सेहजल तथा कनिष्का को 500-500 रुपए नकद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी
कार्यक्रम में छात्राओं को वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, जल संरक्षण की आधुनिक तकनीकों तथा दैनिक जीवन में जल बचाने के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक वर्षा जल का संरक्षण करना अपना दायित्व समझे तो भविष्य में जल संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है। पालिका अध्यक्ष मुन्नी देवी गुप्ता ने कहा कि आज की छात्राएँ ही कल की जागरूक नागरिक बनेंगी। जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक जिम्मेदारी है। बच्चों के माध्यम से यह संदेश प्रत्येक घर तक पहुँचेगा। और समाज में जल बचाने की मजबूत संस्कृति विकसित होगी। पालिका ईओ अनिल पंडित ने भूजल स्तर को सुरक्षित रखने के लिए वर्षा जल का संचयन समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। नगर पालिका परिषद गुरसहायगंज द्वारा ''कैच द रेन'' अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा जल संसाधनों के प्रति जिम्मेदारी का विकास करना है। छात्राओं द्वारा तैयार किए गए मॉडल इस बात का प्रमाण हैं कि नई पीढ़ी जल संरक्षण के प्रति गंभीर और जागरूक है। इस मौके पर नगर पालिका कर्मचारियों के अलावा विद्यालय का स्टाफ भी मौजूद रहा।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


