Kannauj News: रास्ता विवाद में दबंग ने लाठी से पीटकर युवक को किया लहूलुहान
Kannauj News: सौरिख के कुल्लू खेड़ा गांव में रास्ता विवाद के चलते एक युवक ने लाठी से हमला कर दयाराम को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गया है। घायल को मेडिकल कालेज तिर्वा भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

Kannauj News: सौरिख, संवाददाता। सकरावा थाना क्षेत्र के कुल्लू खेड़ा गांव में बुधवार शाम उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब मामूली रास्ता विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंग युवक ने लाठी से हमला कर एक व्यक्ति को बुरी तरह घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल बेहोशी की हालत में वहीं गिर गया, जिसे मेडिकल कालेज तिर्वा भर्ती कराया गया है। सकरावा के कुल्लू खेड़ा निवासी दयाराम पुत्र सूबेदार सिंह रोज की तरह अपने जानवरों को चराकर ईशन नदी पैता घाट पर पहुंचा था। इसी दौरान उसकी भैंस पानी पीकर घाट पर बैठ गई। तभी गांव का ही हरेंद्र सिंह पुत्र कुंवरपाल अपने जानवर लेकर वहां आ पहुंचा और रास्ता न देने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और हरेंद्र सिंह ने गाली-गलौज करते हुए दयाराम पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दयाराम के शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं, जबकि छाती में लगी चोट को लेकर हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मारपीट के दौरान दयाराम मौके पर ही मरणासन्न अवस्था में गिर पड़ा। घटना स्थल पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायल को बचाया, वरना अनहोनी हो सकती थी। आरोप है कि जाते-जाते दबंग आरोपी ने दयाराम को जान से मारने की धमकी भी दी। पीडि़त दयाराम ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायल को सीएचसी भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया है।


