Kannauj News: 20 दिन से फुंका ट्रांसफॉर्मर, अंधेरे में गुजार रहे रात
Kannauj News: चपुन्ना, संवाददाता। ग्राम पंचायत शिवसिंहपुर के मजरा नगला छोटा में ट्रांसफॉर्मर फुंके होने के कारण ग्रामीणों का जीवन प्रभावित है। लोग अंधेरे में रात बिता रहे हैं और गर्मी से परेशान हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध किया और नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की। एसडीओ ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

Kannauj News: चपुन्ना, संवाददाता। बिजली उपकेंद्र सौरिख क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिवसिंहपुर के मजरा नगला छोटा में पिछले 20 दिनों से ट्रांसफॉर्मर फुंका होने के कारण ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को भीषण गर्मी में अंधेरे के बीच रात बितानी पड़ रही हैं। बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की और तत्काल नया ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफॉर्मर फुंकने के बाद कई बार बिजली विभाग और क्षेत्रीय लाइनमैन को सूचना दी गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि चंदा एकत्र कर लाइनमैन को रुपये भी दिए गए, जिसके बाद गांव में एक पुराना ट्रांसफॉर्मर लाकर लगाया गया, लेकिन वह एक दिन भी नहीं चल सका और दोबारा फुंक गया।
तब से गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है। बुजुर्ग, बच्चे और मरीज सबसे अधिक परेशान हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग तथा घरेलू और कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शन में सुषमा देवी, अनीता कुमारी, मान सिंह पाल, नीलम पाल, सीमा पाल, अमित कुमार, उपेंद्र, शैलेन्द्र, जितेंद्र कुमार, धीरेंद्र कुमार, महेश यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि शीघ्र नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं एसडीओ अनिल कुमार ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर बदलने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


