14 और 15 मार्च को जिले में आठ केंद्रों पर होगी एसआई परीक्षा, तैयारियां तेज
Kannauj News - कन्नौज में उत्तर प्रदेश पुलिस की सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को होगी। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए सख्त सुरक्षा उपाय किए हैं। सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे और जैमर लगाए जाएंगे। अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध रहेगा।

कन्नौज। जिले में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश पुलिस की सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए जिले में आठ केंद्र निर्धारित किए गए हैं। निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है।परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहेंगे। प्रत्येक कक्ष की रिकॉर्डिंग की जाएगी और इसकी निगरानी कंट्रोल रूम से लाइव की जाएगी। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर संबंधित केंद्र व्यवस्थापक और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच होगी। बिना प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र के किसी को भी केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी नकल रोकने के लिए केंद्रों पर जैमर भी लगाए जाएंगे, ताकि मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह बाधित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने बताया कि सभी केंद्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। शहर के गोमती देवी इंटर कॉलेज, जेपी गर्ल्स इंटर कॉलेज, केके सीएन इंटर कॉलेज, केके इंटर कॉलेज, मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, पीएसएम डिग्री कॉलेज, सेठ वासुदेव इंटर कॉलेज और सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज में परीक्षा आयोजित होगी। प्रत्येक केंद्र पर 240 अभ्यर्थियों की बैठने की क्षमता निर्धारित की गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरी सतर्कता के साथ परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



