मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 1936 मरीजों को मिला इलाज
Kannauj News - कन्नौज में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 1936 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मेले में निःशुल्क जांच, टीकाकरण, और परिवार कल्याण सेवाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों की निगरानी में सभी केंद्रों पर सुविधाएं सुव्यवस्थित रहीं। 34 गोल्डन कार्ड भी मौके पर वितरित किए गए।

कन्नौज। जिले में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। जिले के 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा 3 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 1936 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 886 पुरुष, 761 महिलाएं और 289 बच्चे शामिल रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों को निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा प्रदान की गई। बच्चों और गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण किया गया, वहीं परिवार कल्याण सेवाओं के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में नोडल अधिकारी आरोग्य स्वास्थ्य मेला डॉ. जितेन्द्र कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं समस्त अपर मुख्य चिकित्साधिकारियों ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों की सक्रिय निगरानी के चलते सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और मरीजों को बिना किसी असुविधा के सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। संक्रामक रोगों की रोकथाम के तहत हैपेटाइटिस ‘बी’ एवं ‘सी’ की कार्ड टेस्टिंग की गई तथा टीबी संभावित मरीजों की जांच की गई। नेत्र रोगियों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। आयुष्मान योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के 34 गोल्डन कार्ड बनाकर मौके पर ही वितरित किए गए, जिससे उन्हें भविष्य में पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। हर स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित की गई थी, जिससे मरीजों को समुचित परामर्श और उपचार मिल सका।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



