खड़ी बस में ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, एक की मौत

Mar 01, 2026 05:34 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कन्नौज
share Share
Follow Us on

Kannauj News - छिबरामऊ में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने स्लीपर बस को टक्कर मारी, जिसमें ट्रक चालक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। बस चंडीगढ़ से गोरखपुर जा रही थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

खड़ी बस में ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, एक की मौत

छिबरामऊ, संवाददाता। सौरिख थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला बीरभान गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्लीपर बस में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक परिचालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे में जहां बस क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं ट्रक के परखच्चे उड़ गए। बस चंडीगढ़ से गोरखपुर जा रही थी। अंकुश ट्रैवल्स की स्लीपर बस में लगभग 80 यात्री सवार थे। बस चंडीगढ़ से गोरखपुर सवारियां ले जा रही थी। बस रविवार की सुबह करीब साढ़े 6 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सौरिख थाना क्षेत्र के नगला वीरभान गांव के पास पहुंची तभी सवारियों को लघुशंका के लिए ड्राइवर ने बस को सड़क किनारे खड़ी कर दी।

इस बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में राजस्थान के अलवर जिला निवासी ट्रक चालक शाकिर पुत्र अशरफ व ट्रक की केबिन में लेटा परिचालक अलवर राजस्थान निवासी नफीस समेत बस की एक सवारी घायल हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस के पिछले हिस्से को भी गहरा नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में बैठे कुशीनगर निवासी अंगेश कुमार पुत्र हरिनारायण, ट्रक चालक शाकिर और परिचालक नफीस गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही हाईवे सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह, सेफ्टी टीम, एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख भेजा गया। वहां से अंगेश और शाकिर को प्राथमिक इलाज के बाद तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे परिचालक नफीस को किसी तरह कवायद कर निकाला गया और गंभीर हालत में तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। बस में सवार बाकी यात्रियों को अन्य वाहनों की मदद से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को क्रेन से हटाकर टोल प्लाजा पर खड़ा कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लापरवाही बरतने वाले ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।