Kannauj News: जहरीले कीड़े के काटने से किशोरी की मौत
Kannauj News: छिबरामऊ के नगला आम गांव में शनिवार को 14 वर्षीय अनुष्का की जहरीले कीड़े के काटने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। अनुष्का को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया और शव को घर ले गए।

Kannauj News: छिबरामऊ, संवाददाता। थाना क्षेत्र के नगला आम गांव में शनिवार को जहरीले कीड़े के काटने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। नगला आम निवासी जगपाल यादव की 14 वर्षीय पुत्री अनुष्का शनिवार को अपने घर में थी। परिजनों के अनुसार इसी दौरान किसी जहरीले कीड़े ने उसे काट लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगडऩे लगी। परिजन आनन-फानन में उसे सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अनुष्का को मृत घोषित कर दिया। अनुष्का की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने अथवा किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद वह शव को अपने साथ घर ले गए। बताया गया कि अनुष्का चार बहनें हैं जिनमें आरजू, आयुषी और अनवी हैं। परिवार में उसका कोई भाई नहीं है। अनुष्का की मां गीतांजलि का रो रोकर बुरा हाल है। उसके पिता जगपाल यादव पिकअप चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। किशोरी की अचानक मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है।

