यातायात पुलिस की सघन चेकिंग, कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग पर जोर
Kannauj News - छिबरामऊ में यातायात नियमों के पालन के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। टीएसआई अरशद अली के नेतृत्व में 15 वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटा गया। कोहरे में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता बढ़ाई गई और रिफ्लेक्टर टेप लगाने की सलाह दी गई। पुलिस ने सुनिश्चित किया कि यातायात व्यवस्था में सुधार हो।

छिबरामऊ, संवाददाता। नगर क्षेत्र में बुधवार को यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा सर्दी के कोहरे में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। टीएसआई अरशद अली के नेतृत्व में तालग्राम तिराहा, फर्रुखाबाद चौराहा तथा पूर्वी बाईपास सहित प्रमुख स्थानों पर यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटकर जुर्माने की कार्रवाई की गई। साथ ही चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। कोहरे के मौसम में दृश्यता कम होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए टीएसआई अरशद अली ने कई वाहनों पर स्वयं रिफ्लेक्टर टेप लगाए।
उन्होंने चालकों से अपील की कि वाहनों के आगे की ओर सफेद, साइड में पीले तथा पीछे की ओर लाल रंग के रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगाएं, ताकि अन्य वाहन दूर से ही उन्हें देख सकें और दुर्घटनाएं कम हों। टीएसआई ने कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग के लिए महत्वपूर्ण सलाह दी, फोग लाइट व लो बीम का उपयोग करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, नशे की हालत में ड्राइविंग न करें, नींद आने पर सुरक्षित स्थान पर रुककर विश्राम करें तथा ओवरटेक करने से बचें। जीटी रोड पर सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को भी हटवाया गया। इस अभियान से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चुस्त हुई तथा लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




