Kannauj News: गुरसहायगंज का तिर्वा रोड बना जाम का हॉटस्पॉट, रोजाना घंटों फंस रहे राहगीर
Kannauj News: गुरसहायगंज में तिर्वा रोड पर लगातार जाम की समस्या देखी जा रही है। जीटी रोड चौराहे से तिर्वा रोड की ओर का मार्ग कई बार वाहनों से जाम हो जाता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सुधार की मांग की है।

Kannauj News: गुरसहायगंज, संवाददाता। नगर का व्यस्त तिर्वा रोड लगातार जाम की समस्या से जूझ रहा है। जीटी रोड चौराहे से तिर्वा रोड की ओर जाने वाला मार्ग दिन में कई बार वाहनों की लंबी कतारों से जाम हो जाता है। हालात यह हैं कि राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार शिकायतें और प्रशासनिक बैठकों में मामला उठने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जाम की सबसे बड़ी वजह चौराहे के आसपास ई-रिक्शा और ऑटो चालकों का अव्यवस्थित जमावड़ा बताया जा रहा है। सड़क किनारे मनमाने ढंग से वाहन खड़े होने के कारण यातायात बाधित होता है और कुछ ही मिनटों में लंबा जाम लग जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। सबसे हैरानी की बात यह है कि जाम वाले चौराहे पर पुलिस चौकी मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद यातायात व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिखता। लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के बजाय अक्सर मूकदर्शक बने रहते हैं। नियमित यातायात प्रबंधन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है.
एम्बुलेंस, स्कूली वाहन और यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
जाम का सबसे अधिक असर आपातकालीन सेवाओं और आम यात्रियों पर पड़ रहा है। कई बार एंबुलेंस जाम में फंस जाती हैं, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। वहीं स्कूली वाहन भी देर तक जाम में फंसे रहते हैं। रेलवे रोड इसी चौराहे से गुजरने के कारण कई यात्री समय पर स्टेशन नहीं पहुंच पाते और उनकी ट्रेन छूट जाती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से ई-रिक्शा और ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड बनाने, नियमित यातायात व्यवस्था लागू करने और चौराहे पर प्रभावी पुलिस तैनाती की मांग की है, ताकि शहरवासियों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
संबंधित प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


