शादी के घर से चोरो ने नगदी व जेवरात किए पार
Kannauj News - ठठिया थाना क्षेत्र के पहाड़ीपुर गांव में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर से लाखों के जेवरात और नगदी चुरा ली। परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था। जब वे वापस आए, तो उन्हें चोरी का पता चला। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की, और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

तिर्वा, संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र के पहाड़ीपुर गांव के एक घर से चोरों ने दिनदहाड़े घुसकर लाखों की कीमत के जेवरात व नगदी पार कर दी। परिवार के लोग अपने दूसरे मकान में बेटी की शादी की तैयारियों में लगे थे, उधर चोरों ने घटना को अंजाम देकर उनकी खुशियों को गम में बदल दिया। पीड़ित ने ठठिया थाना पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। पहाड़ीपुर गांव निवासी सुरेश सिंह के गांव में दो मकान बने हुए है। एक मकान गांव के अंदर है, तो दूसरा मकान गांव के बाहर स्थित है। घर में पुत्री की शादी को लेकर तैयारियां चल रही है।
जल्द ही उनकी पुत्री कोमल की शादी होनी है। पूरा परिवार पुत्री के विवाह को लेकर खुशियां मना रहा था। उनकी यह खुशियां उस समय चोरों ने गम में बदल दी, जब चोरो ने गांव में बने मकान का ताला तोड़कर यहां रखे लाखों की कीमत के जेवरात तथा हजारों की नगदी पार कर दी। जब परिवार के लोग मकान में पहुंचे, तो उनको चोरी की घटना की जानकारी हुई। चोरी की जानकारी पर परिजनों में हड़कम्प मच गया। सुरेश सिंह के बड़े भाई राजेन्द्र ने ठठिया थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष देवेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


