
चोरी के इरादे से 20 लाख का तार काट किया क्षतिग्रस्त
Kannauj News - छिबरामऊ के निगोह खास में सोलर पार्क परियोजना के दौरान चोरों ने 20 लाख रुपये के तार काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पेट्रोलिंग टीम के समय पर पहुंचने से चोर सफल नहीं हो सके। असिस्टेंट मैनेजर ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
छिबरामऊ, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निगोह खास के पास सोलर पार्क व ऊर्जा निकासी परियोजना के तहत चल रहे कार्य के दौरान चोरों ने करीब बीस लाख रुपये के तार को काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। चोर तार काटकर चोरी के प्रयास में थे, तभी कंपनी की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई। इससे चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। जिला फर्रुखाबाद के गुंजन बिहार निवासी व एसोसिएटेड पावर स्ट्रक्चर्स लिमिटेड के असिस्टेंट मैनेजर अश्वनी सिंह ने बताया कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी व जनहितकारी केएफडब्लू ग्रीन एनर्जी कारिडोर टू योजना के अंतर्गत चार हजार मेगावाट के सोलर पार्क व ऊर्जा निकासी परियोजना के लिए 400 केवी डी फर्रुखाबाद महेबा ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण कार्य विद्युत पारेषण खंड (यूपी पावर ट्रांसमिशन कार्पोरेशन लिमिटेड) फतेहगढ़ के अंतर्गत चल रहा है।
लाइन का निर्माण उनकी संस्था एसोसिएटेड पावर स्ट्रक्चर्स लिमिटेड की ओर से किया जा रहा है। 14 नवंबर की रात करीब 12 बजे पेट्रोलिंग टीम की ओर से सूचना मिली कि टावर नंबर एपी 31 व एपी 32 के बीच का तार कटा हुआ है। दोनों टावर मौजा निगोह खास के पास स्थित हैं। सूचना पाकर जब उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच की तो 55 सौ मीटर लंबाई का एसीएसआर मोड कंडक्टर चोरों की ओर से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। कुछ तार काटकर बंडल बनाकर रखे गए। इसके अलावा डबल टेंशन फिटिंग के दो सेट व एमएससीजे सामग्रियों को भी छति पहुंचाई गई। असिस्टेंट मैनेजर ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




