Kannauj News: कंप्यूटर लैब से 5 लाख का माल साफ, सीसीटीवी भी उखाड़ ले गए
Kannauj News: छिबरामऊ के जाफराबाद उच्च प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने कंप्यूटर लैब को निशाना बनाते हुए लगभग पांच लाख रुपये का सामान चुरा लिया। चोर खिड़की से घुसे और सीसीटीवी कैमरे भी तोड़कर ले गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Kannauj News: छिबरामऊ, संवाददाता। सौरिख विकास खण्ड क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय जाफराबाद में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए कंप्यूटर लैब को निशाना बना डाला। करीब दो दिन तक स्कूल बंद रहने का फायदा उठाकर चोरों ने खिड़की के रास्ते अंदर घुसकर लगभग पांच लाख रुपये का कीमती सामान पार कर दिया। शनिवार को स्कूल खुलने पर घटना का खुलासा हुआ, जिससे पूरे विद्यालय में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार लंच के दौरान बच्चों ने कंप्यूटर लैब की खिड़की खुली देखी। अंदर झांकने पर सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसकी सूचना तुरंत सहायक अध्यापिका ममता दीक्षित को दी गई। इंचार्ज प्रधानाध्यापिका शांति यादव अवकाश पर थीं, सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस की मौजूदगी में लैब का ताला खोला गया तो अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए। चोर 65 इंच की एलईडी टीवी, तीन मॉनिटर, सीपीयू, दो बैटरी, इनवर्टर, डीवीआर, सीसीटीवी कैमरे, म्यूजिक मशीन, प्रिंटर समेत अन्य कीमती उपकरण समेट ले गए。
खिड़की बनी चोरों का रास्ता
छिबरामऊ। चोरों ने पीछे की खिड़कियां खोलकर लैब में प्रवेश किया और चोरी के बाद उसी रास्ते से फरार हो गए। खास बात यह रही, कि उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नहीं छोड़ा और उन्हें उखाड़कर साथ ले गए, ताकि पहचान न हो सके। हालांकि एक कैमरा पेड़ों की आड़ में होने के कारण साफ फुटेज नहीं दे सका।
पुलिस आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।


