प्रेमी से शादी की जिद, सौ फिट ऊंचे बिजली टॉवर पर चढ़ी युवती
Kannauj News - फोटो 14-खुड़ावा गांव के पास बिजली टॉवर बैठी किशोरी।फोटो 15-ग्रामीणों से जानकारी लेते सीओ, कोतवाल व चौकी इंचार्ज।फोटो 29-मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़

छिबरामऊ, संवाददाता। सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के अकबरपुर गांव के पास बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गैर बिरादरी के युवक से शादी की जिद पर अड़ी 16 वर्षीय किशोरी 33 हजार हाईटेंशन बिजली लाइन के करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। करीब तीन घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे से पुलिस और परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस अधिकारियों के समझाने और प्रेमी के मौके पर पहुंचकर शादी का भरोसा दिलाए जाने के बाद किशोरी नीचे उतर कर आई। कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी खुडावा गांव निवासी एक किसान की बेटी का प्रेम प्रसंग अकबरपुर के एक युवक के साथ चल रहा है। परिजनों को जब इस संबंध की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। परिवार वालों ने किशोरी को समझाते हुए कहा कि चार महीने बाद उसकी शादी कहीं और कर दी जाएगी। इससे नाराज होकर किशोरी घर से निकल गई और नेशनल हाईवे किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के बिजली टावर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोरी ने टावर पर चढऩे से पहले अपनी चप्पल नीचे उतारी और इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी अपलोड किया। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही सिकंदरपुर चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी रही। उधर, चौकी इंचार्ज ने अपने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। कुछ ही देर में सीओ सुरेश कुमार मलिक व कोतवाल कपिल दुबे महिला पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही फायरबिग्रेड और एंबुलेंस भी मौके पर बुला ली गई। हालात बिगड़ते देख चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल सिंह किशोरी के प्रेमी को तलाश कर मौके पर ले आए। उधर, कोतवाल कपिल दुबे ने टॉवर पर बैठी किशोरी से वीडियो कॉल कर उसे काफी समझाने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि उसकी मदद की जाएगी। किशोरी के नीचे उतरते ही पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि किशोरी की विशेषज्ञों से काउंसलिंग कराई जा रही है।
फिल्म शोले के वीरू और बसंती का याद आ गया सीन
छिबरामऊ। फिल्म शोले में बसंती से शादी करने को लेकर वीरू पानी की टंकी पर चढ़ गया था और तब उतरा था जब उसने बसंती से शादी की उसकी मौसी से हां करा ली थी। हालांकि जीटी रोड हाइवे पर उत्तरी खुड़ावा गांव के पास बजाय प्रेमी के प्रेमिका बिजली के 100 ऊंचे टावर पर चढ़ गई। जब उससे पुलिस अधिकारियों ने नीचे उतरने की बात कही। तो वह एक ही जिद पर अड़ी रही कि जब तक उसकी शादी उसके प्रेमी से नहीं कराई जाती, तब तक वह नीचे नहीं आएगी। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने लडक़ी मां व अन्य परिजनों को मौके पर बुला लिया। परिजन भी उसे समझाते रहे, लेकिन वह कोई बात सुनने को तैयार नहीं थी। इसके बाद सिकंदरपुर चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल सिंह ने टॉवर पर चढ़ी युवती से उसके प्रेमी का मोबाइल नंबर लिया और फिर वह उसे तलाश कर मौके पर लाए। जब मौके पर पहुंचे प्रेमी ने उसे शादी का भरोसा दिलाया, तब वह टॉवर से नीचे उतरी। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय लोगों की भीड़ यह नजारा देखती रही。
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


