वायरल वीडियो ::: कन्नौज में प्रेमी से शादी की जिद पर युवती बिजली के टॉवर पर चढ़ी

हिन्दुस्तान, कन्नौज
Follow us on Google News
share

छिबरामऊ के अकबरपुर गांव में एक 16 वर्षीय किशोरी ने गैर बिरादरी के युवक से शादी की जिद पर बिजली के टॉवर पर चढ़ गई। तीन घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और परिजनों ने समझा-बुझा कर उसे नीचे उतारा। युवती का टॉवर पर चढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वायरल वीडियो ::: कन्नौज में प्रेमी से शादी की जिद पर युवती बिजली के टॉवर पर चढ़ी

छिबरामऊ (कन्नौज), संवाददाता। सिकंदरपुर क्षेत्र के अकबरपुर गांव के पास बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब एक गैरबिरादरी के युवक से शादी की जिद पर अड़ी 16 वर्षीय किशोरी बिजली के टॉवर पर करीब 100 फीट ऊपर चढ़ गई। करीब तीन घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे से पुलिस और परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। सूचना पर पहुंचे कोतवाल ने वीडियो कॉल कर युवती को समझाया। पुलिस अधिकारियों के समझाने और प्रेमी के मौके पर पहुंच शादी करने का भरोसा देने पर किशोरी नीचे उतरी। युवती के टॉवर पर चढ़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी खुडावा गांव निवासी एक किसान की बेटी का प्रेम-प्रसंग अकबरपुर के एक युवक के साथ है। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। किशोरी को समझाते हुए कहा कि चार महीने बाद उसकी शादी कहीं और कर दी जाएगी। बुधवार को इस बात की जानकारी किशोरी को हुई तो वह गुस्से में घर से निकल गई और नेशनल हाईवे के किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के बिजली टॉवर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी ने टॉवर पर चढ़ने से पहले अपनी चप्पल नीचे उतारी और इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी अपलोड किया। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही सिकंदरपुर चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल पुलिस बल के साथ पहुंचे और किशोरी को समझाने का प्रयास किया। किशोरी प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी रही। इस पर चौकी इंचार्ज ने अपने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। कुछ ही देर में सीओ सुरेश कुमार मलिक और कोतवाल कपिल दुबे महिला पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। फायरबिग्रेड और एंबुलेंस भी मौके पर बुला ली गई। कुछ देर बाद चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल सिंह किशोरी के प्रेमी को तलाश कर मौके पर ले आए। उधर, कोतवाल कपिल दुबे ने टॉवर पर चढ़ी किशोरी से वीडियो कॉल कर उसे काफी समझाने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि उसकी मदद की जाएगी। प्रेमी के आने और पुलिस अफसरों के समझाने पर करीब तीन घंटे बाद किशोरी नीचे उतरी तो परिजनों ने राहत की सांस ली।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।