
प्राथमिक विद्यालय में पड़ा ताला, कंपोजिट में बच्चे देंगे परीक्षाएं
Kannauj News - छिबरामऊ में बीएलओ ड्यूटी लगाने से परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी हो गई है। इससे शिक्षण कार्य प्रभावित हुआ है और 10 दिसंबर से शुरू होने वाली छमाही परीक्षाओं की तैयारी भी अधूरी है। कई विद्यालयों में शिक्षक अनुपस्थित हैं, जिसके कारण छात्रों को केवल एक शिक्षक द्वारा पढ़ाया जा रहा है।
छिबरामऊ, संवाददाता। एसआईआर कार्य के चलते परिषदीय विद्यालयों के ज्यादातर शिक्षकों की बीएलओ ड्यूटी लगा दी गई है। जिसके चलते परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य काफी समय से प्रभावित चल रहा है। ऐसे में आधी-अधूरी तैयारी के बीच 10 दिसंबर से होने वाली छमाही परीक्षाएं बच्चे कैसे दे पाएंगे। वहीं कांशीराम कालोनी में संचालित प्राथमिक विद्यालय के सभी शिक्षकों की बीएलओ ड्यूटी लगने से विद्यालय में ताला लटका हुआ है। साथ ही बच्चों को कंपोजिट विद्यालय में किसी तरह पढ़ाया जा रहा है। शहर की कांशीराम कालोनी में संचालित कंपोजिट विद्यालय में कुल 126 बच्चे पंजीकृत हैं, जिसमें कक्षा 1 में 13 बच्चे, कक्षा 2 में 15, कक्षा 3 में 17, कक्षा 4 में 28, कक्षा 5 में 21, कक्षा 6 में 13, कक्षा 7 में 11 और कक्षा 8 में 8 बच्चे हैं, लेकिन इस विद्यालय के ज्यादातर शिक्षकों की बीएलओ ड्यूटी लगी हुई है।

जिसके चलते यहां शिक्षण कार्य काफी समय से प्रभावित चल रहा है। हालत यहां तक हैं कि प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक रिहाना इदरीश, ज्ञानेंद्र कुमार, राजीव, प्रशांतवीर सिंह, पायल की बीएलओ ड्यूटी लगने से प्राथमिक विद्यालय बंद चल रहा है। ऐसी स्थिति में यहां के सभी बच्चों को कंपोजिट विद्यालय के तीन कक्षों में बिठाकर किसी तरह पढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा कंपोजिट विद्यालय की शिक्षिका सविता कुमारी की भी बीएलओ ड्यूटी लगी हुई है, जबकि शिक्षिका रीता यादव आठ दिवसीय एनसीआरटीई की ट्रेनिंग में हैदराबाद गई हुई हैं। ऐसी स्थिति में प्रधानाध्यापिका रजनी पाल, अनीता देवी व सुमिता के सहारे ही कंपोजिट विद्यालय संचालित हो रहा है। मंगलवार को शिक्षिकाएं छमाही परीक्षा की तैयारियों में जुटी हुई थीं। ज्यादातर शिक्षकों की बीएलओ ड्यूटी लगने के चलते पिछले काफी समय से शिक्षण कार्य प्रभावित चल रहा है। ऐसे में आधी-अधूरी पढ़ाई के चलते 10 दिसंबर से शुरू होने वाली छमाही परीक्षाएं में बच्चे क्या कर पाएंगे। 39 बच्चों की एक शिक्षक कराएगा परीक्षा छिबरामऊ। प्राथमिक विद्यालय नौली में 52 बच्चे पंजीकृत हैं। यहां शिक्षक मनीष तिवारी के अलावा शिक्षामित्र नीलम मिश्रा तैनात हैं। नीलम मिश्रा की बीएलओ ड्यूटी लगी हुई है। ऐसे में परिषदीय विद्यालयों में शुरू होने वाली परीक्षा को सिर्फ एक शिक्षक मनीष तिवारी किसी भी तरह संपन्न कराएंगे। इस विद्यालय में कक्षा 1 में 15, कक्षा 2 में 7, कक्षा 3 में 7, कक्षा 4 में 13 और कक्षा 5 में 10 बच्चे पंजीकृत हैं। एसआईआर का कार्य प्रभावित न हों इसके लिए जहां इस विद्यालय की शिक्षामित्र बीएलओ ड्यूटी कर रही हैं। वहीं सहायक अध्यापक मनीष तिवारी पांचों कक्षाओं के बच्चों को एक साथ बिठाकर जहां उन्हें अभी तक पढ़ा रहे थे। अब वही उनकी परीक्षा भी संपन्न कराएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


