
गोरखपुर में बालिकाओं को पपेट कला का दिया प्रशिक्षण
Kannauj News - छिबरामऊ के प्राथमिक विद्यालय मुरली नगला के शिक्षक सुमित कुमार गुप्ता ने गोरखपुर के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 22 छात्राओं को पपेट बनाने का प्रशिक्षण दिया। मुख्यमंत्री योगी ने इन पपेट्स का प्रदर्शन देखा और छात्राओं को पुरस्कार दिए। इस कार्यशाला में पपेट्री की सांस्कृतिक महत्ता पर भी चर्चा हुई।
छिबरामऊ, संवाददाता। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मुरली नगला के शिक्षक सुमित कुमार गुप्ता ने गोरखपुर के विभिन्न कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 22 छात्राओं की टीम को पपेट (पुतली) बनाने का विशेष प्रशिक्षण दिया। सिद्धार्थनगर के अजय बरनवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में बेहद कम समय में प्रतिभाशाली बालिकाओं ने अपनी रुचि और कौशल से आकर्षक पपेट तैयार किए। इन पपेट्स को मुख्यमंत्री योगी के सम्मुख परिचय, इतिहास और प्रकारों सहित प्रस्तुत किया गया। भारतीय लोकजीवन में पपेट्री की सांस्कृतिक महत्ता बताते हुए शिक्षक सुमित गुप्ता ने पाणिनि के महाभाष्य के नटसूत्र, राजा विक्रमादित्य की सिंहासन बत्तीसी तथा नई शिक्षा नीति में पपेट्री कला के महत्व को रेखांकित किया।
प्रदर्शन के दौरान बालिकाओं ने बारी-बारी से पपेट्स का परिचय दिया। मुख्यमंत्री योगी बोले इनकी दाढ़ी-मूंछ न होती तो ये एकदम मेरे जैसा लगते, वहीं दूसरे पपेट को देखकर कहा कि यह तो रवि किशनजी जैसा लगता है। इस दौरान सांसद रवि किशन सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक बच्ची से नाम पूछकर बात की और उन्हें पुस्तकों का सेट व अन्य उपहार प्रदान किए। शिक्षक सुमित कुमार गुप्ता ने बताया कि अपनी जमीन से इतनी दूर गोरखपुर में यह प्रदर्शनी मुख्यमंत्री के सम्मुख प्रस्तुत होना गर्व की बात है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




