Kannauj News: जेल सुरक्षा , नियमित समीक्षा और बंदियों की गतिविधियों पर रखें निगरानी
Kannauj News: कन्नौज के जिला कारागार में मंगलवार को जिला जज नरेंद्र कुमार झा, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार का संयुक्त औचक निरीक्षण हुआ। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा, भोजन, स्वच्छता आदि की व्यवस्था की समीक्षा की। बंदियों के स्वास्थ्य और विधिक सहायता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

Kannauj News: कन्नौज। जिला कारागार कन्नौज में मंगलवार को उस समय प्रशासनिक हलचल बढ़ गई, जब जिला जज नरेंद्र कुमार झा, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था के साथ बंदियों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं की भी गहनता से पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों, भोजन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति भी देखी गई। निरीक्षण के दौरान कारागार की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
जिला जज नरेंद्र कुमार झा ने बंदियों को नियमानुसार विधिक सहायता उपलब्ध कराने और उनके स्वास्थ्य व मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। नए प्रवेशित बंदियों का नियमानुसार चिकित्सकीय परीक्षण कराने पर भी जोर दिया गया। वहीं जिलाधिकारी ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा और बंदियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा गया।


