
राज्य कर विभाग ने चलाया अभियान, नौ लाख की हुई वसूली
Kannauj News - कन्नौज के मानीमऊ क्षेत्र में राज्य कर विभाग ने बकायेदार फर्मों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने 83 हजार रुपये की तत्काल वसूली की और लगभग 9 लाख रुपये की प्रभावी वसूली की। बकायेदारों को संपत्ति कुर्की की नोटिसें भी जारी की गईं। समय सीमा में बकाया जमा न करने पर संपत्ति नीलामी की चेतावनी दी गई।
कन्नौज, संवाददाता। मानीमऊ क्षेत्र में मौजूद विभिन्न बकायेदार फर्मों का राज्य कर विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया और उनके बकाए की जानकारी मौके पर ही उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने बकायेदारों को तत्काल बकाया जमा करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान राजस्व विभाग के सहयोग से 83 हजार रुपये की वसूली की गई, जबकि राज्य कर विभाग ने लगभग 9 लाख रुपये की प्रभावी वसूली की। प्रमुख सचिव एवं कमिश्नर, राज्य कर विभाग आयुक्त एच.पी. राव दीक्षित के मार्गदर्शन में राज्य कर विभाग ने गुरुवार को मानीमऊ रोड ठठिया के आसपास इलाके में सघन वसूली अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य बकाया कर देयों की समयबद्ध वसूली और राजस्व संरक्षण सुनिश्चित करना रहा।
टीम ने राजू ब्रिक फील्ड, मां अन्नपूर्णा ट्रेडर्स और जे.डी. ट्रेडिंग कंपनी सहित कई फर्मों को चल एवं अचल संपत्ति कुर्की की नोटिसें भी जारी कीं। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि यदि निर्धारित समय सीमा में बकाया जमा नहीं किया गया, तो नियमानुसार संपत्ति की कुर्की के बाद नीलामी कर वसूली की जाएगी। इस अभियान में उपायुक्त राज्य कर राजीव त्यागी, सहायक आयुक्त मनीष कुमार राय, सहायक आयुक्त सचल दल इकाई दीपा सागर, राज्य कर अधिकारी निशा यादव, शुभेन्द्र पाण्डेय, प्रभात कृष्ण त्रिपाठी, नायब तहसीलदार सतीश कनौजिया तथा तहसीलदार अवनीश कुमार सहित विभिन्न अधिकारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




