महंगाई के मुद्दे पर गरजी समाजवादी व्यापार सभा
छिबरामऊ में समाजवादी व्यापार सभा की बैठक में महंगाई, गैस, पेट्रोल, खाद और बिजली के बढ़ते दामों तथा नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। जिला उपाध्यक्ष अशोक चौहान ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और जनहित में कदम उठाने की मांग की। सभा ने जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन देने का निर्णय लिया।

छिबरामऊ। समाजवादी व्यापार सभा के जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष प्रियतेश सिंह तोमर के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल, खाद एवं बिजली के बढ़ते दामों के साथ-साथ नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष अशोक चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता, किसान, व्यापारी और युवा वर्ग गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही महंगाई से लोगों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है, जबकि सरकार राहत देने में असफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हुए हैं। बैठक में बिजली दरों में कटौती, गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल एवं खाद के दाम कम करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाजवादी व्यापार सभा जल्द ही जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग करेगी। बैठक में गोविंद यादव, अवनीश गुप्ता, दीपक वर्मा, रामकुमार, संजय कुमार, विपिन कुमार, अयान, रामू वर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


