Kannauj News: एसआईआर के बहाने हुई वोटों की चोरी, जनता के मताधिकार पर डाला गया डाका : श्याम लाल पाल
Kannauj News: सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने एसआईआर के बहाने वोटों की चोरी और मतदाताओं के अधिकार प्रभावित करने का आरोप भाजपा तथा निर्वाचन आयोग पर लगाया। उन्होंने पिछड़ों, दलितों और वंचितों के हितों की अनदेखी का भी दावा किया। पाल ने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की 300 से अधिक सीटों पर जीत और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने की बात कही। गुरसहायगंज में राम बारात भी निकाली गई।

Kannauj News: गुरसहायगंज, संवाददाता। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भाजपा और निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बहाने वोटों की चोरी की गई और जनता के मतदान के अधिकार पर डाका डाला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना के विपरीत काम कर रही है। साथ ही दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 300 से अधिक सीटें जीतकर पीडीए की सरकार बनाएगी। गुरुवार देर रात गुरसहायगंज में राम बारात में शामिल होने पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम के बाद पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी के गांधी नगर स्थित आवास पर पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने एसआईआर की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भी निशाने पर लिया। श्याम लाल पाल ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है। आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बहाने वोटों की चोरी की गई और जनता को छलने का प्रयास हुआ। उन्होने बंगाल, बिहार का जिक्र करते हुए कहा कि एसआईआर के बहाने मताधिकार को लूटा गया है। लोकतंत्र में मताधिकार से जुड़ी ऐसी कथित गड़बड़ियां गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और इसकी रक्षा करना जरूरी है। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर पिछड़ों, दलितों और वंचितों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आरक्षण और रोजगार के मुद्दों पर भी सरकार की नीतियों से ये वर्ग प्रभावित हुए हैं। उनके मुताबिक, जनता अब भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर श्याम लाल पाल ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी 300 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए तैयार हैं।
आकर्षक झांकियों के साथ निकली राम बारात
आदर्श रामलीला समिति के तत्वावधान में गुरुवार की देर शाम प्रभु श्री राम की बारात निकाली गई। जिसमें लगभग दो दर्जन से ज्यादा आकर्षक झांकियां शामिल रही। राम बारात में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल समेत कई सपा नेता भी शामिल हुए। उन्होंने प्रभु श्री राम की झांकी को माल्यार्पण करके तिलक लगाया। और पूजा अर्चना की। राम बारात को लेकर लोगों में शाम होते ही उत्साह देखने को मिला। प्रभु श्री राम समेत लगभग दो दर्जन आकर्षक झांकिया ने लोगों का मन मोह लिया। रामगंज स्थित रामलीला मैदान से शुरू हुई राम बारात जीटी रोड होते हुए क्रासिंग तक पहुंची। जगह-जगह राम बारात का स्वागत किया गया। राम बारात को देखने के लिए भीड़ उमर पड़ी। राम बारात को देखने के लिए ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी तादात में लोग शामिल हुए। सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मी मुस्तैदी से डटे रहे। राम बारात को लेकर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए वाहनों को शाम होते ही बाईपास से निकाला गया। यहां तक कि मलिकपुर व नगर की सीमा पर भी पुलिस ने बैरियर लगा कर वाहनों को डायवर्ट किया। इस मौके पर रामलीला समिति के अध्यक्ष उत्कर्ष गुप्ता, पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी, विकास गुप्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष के पति इंद्र कुमार गुप्ता आदि रहे।


