Hindi NewsUttar-pradesh NewsKannauj NewsTraffic Jam Crisis in Kannauj Public Demands Urgent Action
अनियमित पार्किंग व वाहन चालकों की मनमानी से बस स्टॉप के पास रोजाना लगता जाम

अनियमित पार्किंग व वाहन चालकों की मनमानी से बस स्टॉप के पास रोजाना लगता जाम

संक्षेप:

Kannauj News - कन्नौज में सरायमीरा बस स्टॉप के पास हर सुबह 9 से 11 बजे तक लंबा जाम लग रहा है। रोडवेज बसों की अनियमित पार्किंग और ई-रिक्शा चालक की मनमानी मुख्य कारण हैं। स्थानीय लोग ट्रैफिक पुलिस की कमी और पार्किंग व्यवस्था के अभाव से परेशान हैं। प्रशासन से जाम की समस्या के समाधान की मांग की जा रही है।

Nov 18, 2025 12:13 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कन्नौज
share Share
Follow Us on

कन्नौज। शहर के सरायमीरा बस स्टॉप के पास जीटी रोड पर हर सुबह लगने वाला जाम अब आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। रोजाना सुबह करीब 9 से 11 बजे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे स्कूल बसें, ऑफिस जाने वाले लोग और आम यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं। जाम की प्रमुख वजह रोडवेज बसों की अनियमित पार्किंग और ई-रिक्शा व आटो चालकों की मनमानी बताई जा रही है। बसें कई बार एक-दूसरे के पीछे लाइन बनाकर सड़क के किनारे खड़ी हो जाती हैं, जिससे बाकी वाहनों के लिए रास्ता बेहद संकरा हो जाता है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वहीं ई-रिक्शा चालक बस स्टॉप के ठीक सामने ही सवारियों को उतारने और चढ़ाने के लिए रुक जाते हैं, जिससे सड़क का आधा हिस्सा बाधित हो जाता है और ट्रैफिक पूरी तरह थम जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के व्यस्त समय में ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी न के बराबर होती है। इसी वजह से स्थिति और बिगड़ जाती है। कई बार एंबुलेंस और स्कूल बच्चों से भरी बसें भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे गंभीर परिस्थितियां पैदा हो जाती हैं। जाम की समस्या सिर्फ सरायमीरा तक सीमित नहीं है। शहर के लाखन तिराहा, सराफा बाजार, सब्जी मंडी, चूड़ी वाली गली, मकरंद नगर तिराहा और गैस एजेंसी क्रॉसिंग पर भी अक्सर वाहनों की भीड़ और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण आवाजाही मुश्किल हो जाती है। कई स्थानों पर पैदल चलना तक कठिन हो गया है। लोगों का कहना है कि शहर में पार्किंग व्यवस्था का अभाव और यातायात नियमों का पालन न होना जाम की समस्या को लगातार बढ़ा रहा है। स्थिति को सुधारने के लिए रोडवेज बसों और ई-रिक्शा के लिए अलग-अलग निर्धारित स्टॉप, नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करना बेहद जरूरी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि शहर को रोजाना की जाम की यातना से राहत मिल सके।