आंधी-बारिश में 400 बीघा गेहूं-मक्का फसल बर्बाद

Apr 05, 2026 10:32 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कन्नौज
share

Kannauj News - कन्नौज के ठठिया क्षेत्र में शनिवार शाम को आई तेज आंधी और बारिश ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। गेहूं और मक्का की फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया है और मुआवजे की तैयारी की जा रही है।

आंधी-बारिश में 400 बीघा गेहूं-मक्का फसल बर्बाद

कन्नौज, संवाददाता। ठठिया क्षेत्र में शनिवार शाम से देर रात तक चली तेज आंधी और बारिश ने क्षेत्र के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अचानक बदले मौसम ने खेतों में तैयार खड़ी और कटी हुई फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। कुछ दिन पहले तक लहलहा रही गेहूं की सुनहरी बालियां अब खेतों में बिछ गई हैं, वहीं कटी फसल भीगकर खराब हो गई और कुछ उड़ गई। किसानों के अनुसार करीब 40 प्रतिशत तक फसल बर्बाद होने की कगार पर है। ठठिया क्षेत्र के सुरसी गांव में सबसे अधिक नुकसान सामने आया है। यहां खड़ी और कटी दोनों तरह की गेहूं की फसल को आंधी और बारिश ने तहस-नहस कर दिया।

तेज हवाओं के चलते कई किसानों की कटी हुई गेहूं की फसल उड़ गई, जबकि खड़ी फसल जमीन पर गिरकर खराब हो गई। इसके साथ ही मक्का की फसल को भी भारी क्षति पहुंची है।गांव के किसान बिवुधेश त्रिपाठी, दिनेश कटियार, जयराम, नंदकिशोर, सिपाही लाल, लाल सिंह, श्रीनारायण, राममिलन, संजय, संतोष और होरीलाल ने बताया कि उनकी कटी हुई गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। सबसे ज्यादा मार उन किसानों पर पड़ी है, जिन्होंने भाड़े पर जमीन लेकर खेती की थी। अनुमान है कि क्षेत्र में सैकड़ों किसानों की लगभग 400 बीघा गेहूं और मक्का की फसल को नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मौके पर एसडीएम तिर्वा राजेश कुमार, नायब तहसीलदार सतीश कन्नौजिया, कृषि विभाग के आलोक कुमार और क्षेत्रीय लेखपाल सद्दाम हुसैन ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। अब सभी की नजरें प्रशासन की मदद और मुआवजे पर टिकी हैं।कोटएसडीएम तिर्वा राजेश कुमार ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर लिया गया है और लेखपाल को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।