Kannauj News: आकाशीय बिजली गिरने से वृद्ध की मौत, बारिश में दो भैंस भी मरीं
Kannauj News: कन्नौज में सोमवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिसमें लिख्खापुरवा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 70 वर्षीय पातीराम की मौत हो गई। कुसुमखोर चौकी क्षेत्र में कच्ची दीवार ढहने से दो भैंसें भी मर गईं। बारिश के कारण कई मार्ग जलमग्न हो गए, जिससे राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
Kannauj News: कन्नौज, संवाददाता। सोमवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश कटरी क्षेत्र में आफत बनकर बरसी। बारिश के बीच सदर कोतवाली क्षेत्र के लिख्खापुरवा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। गांव लिख्खापुरवा में आकाशीय बिजली गिरने से वृद्ध की मौत हो गई। गांव निवासी 70 वर्षीय पातीराम पुत्र भजनलाल सोमवार सुबह गांव किनारे मवेशी चराने गया था।इसी बीच बारिश शुरू हो गई और बारिश के बीच अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिर पड़ी। किसान उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। बता दें कि सोमवार की सुबह से ही तेज हवाओं के साथ वर्षा शुरू हो गई।
कच्ची दीवार गिरने की घटना
उधर तेज बारिश के दौरान कुसुमखोर चौकी क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव में रूपलाल के मकान की कच्ची दीवार ढह गई दीवार के पास बंधी दो भैंसें मलबे में दब गईं। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों भैंसों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद पशुपालक परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के कारण कच्ची दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते वह अचानक भरभराकर गिर पड़ी। घटना की जानकारी स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को दी गई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं.
जलभराव से जनजीवन प्रभावित
बारिश से शहर के प्रमुख मार्ग जलमग्न, राहगीरों की बढ़ी मुश्किल
कन्नौज। सोमवार सुबह करीब सात बजे शुरू हुई बारिश रुक-रुककर होती रही। तेज बारिश के चलते जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव ने परेशानी बढ़ा दी। तिर्वा-कन्नौज मार्ग, रोडवेज बस स्टैंड और पुलिस लाइन से चौधरियापुर जाने वाले मार्ग पर पानी भर गया। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन चालकों को पानी के बीच से निकलने में परेशानी हुई। कई स्थानों पर सड़क पर पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे हादसे का खतरा बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जलनिकाशी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण हर साल यही स्थिति बनती है। बारिश के बाद लंबे समय तक पानी जमा रहने से राहगीरों को परेशानी होती है। लोगों ने नालियों की नियमित सफाई कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है.


