मौसम की तल्खी से लोग हो रहे बेहाल, पारा 43 डिग्री

हिन्दुस्तान, कन्नौज
Follow us on Google News
share

कन्नौज में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पिछले साल की तुलना में काफी ज्यादा है। गर्मी और बिजली संकट ने जनजीवन को प्रभावित किया है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए घरों में दुबके हुए हैं, और पशु-पक्षियों पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है।

मौसम की तल्खी से लोग हो रहे बेहाल, पारा 43 डिग्री

कन्नौज। जिले में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जो इस सीजन के अब तक के सबसे गर्म दिनों में शामिल रहा। पिछले दो-तीन दिनों से लगातार बढ़ते तापमान और चिलचिलाती धूप ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।अगर पिछले साल से तुलना करें तो इस बार गर्मी कहीं ज्यादा तीखी साबित हो रही है। वर्ष 2025 में 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान करीब 39–40 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, जबकि इस बार यह बढ़कर 43 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।

यानी एक साल में ही तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। तेज धूप और लू जैसे हालात के चलते लोग घरों में दुबके रहे। जो लोग मजबूरी में बाहर निकले, उन्हें सिर पर गमछा या छाता लेकर निकलना पड़ा। बाजारों में भी सामान्य दिनों के मुकाबले भीड़ काफी कम दिखाई दी। गर्मी के साथ-साथ बिजली संकट ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। शहर और ग्रामीण इलाकों में बार-बार बिजली कटौती की समस्या सामने आ रही है। कई मोहल्लों में घंटों तक लाइट गुल रहने से लोग बेहाल हैं। पंखे और कूलर बंद होने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है, वहीं रात के समय भी बिजली कटौती से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। इन्वर्टर भी जवाब दे रहे हैं, जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि जानवरों और पक्षियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सड़कों पर घूमने वाले पशु पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आ रहे हैं। कई स्थानों पर पक्षी प्यास और गर्मी से बेहाल होकर जमीन पर बैठते देखे गए। तालाब और जलस्रोत सूखने की कगार पर हैं, जिससे जीव-जंतुओं के लिए संकट गहराता जा रहा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsKannauj Newsमौसम की तल्खी से लोग हो रहे बेहाल, पारा 43 डिग्री