Kannauj News: नौगाई में तीन घरों में सेंधमारी, लाखों के जेवर व नकदी चोरी
Kannauj News: छिबरामऊ के ग्राम नौगाई में बीती रात चोरों ने तीन घरों में सेंध लगाई। एक घर से लाखों के जेवर और नकदी चुराई गई, जिससे गांव में दहशत फैली। पुलिस ने घटना की जांच शुरू की है और ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Kannauj News: छिबरामऊ, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर कंडौली चौकी अंतर्गत ग्राम नौगाई में बीती रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर दहशत फैला दी। चोर एक घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी समेट ले गए, जबकि दो अन्य घरों में भी सेंध लगाई, लेकिन वहां कोई कीमती सामान हाथ नहीं लगा। घटना से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। बीती रात चोरों ने जगदीश पुत्र कोमिल प्रसाद के मकान के पीछे से सेंध लगाकर घर में प्रवेश किया। यहां से दो सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक सोने का मंगलसूत्र, चांदी का कमर गुच्छा, पायल तथा पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
पीडि़त जगदीश ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मक्का और मूंगफली की फसल बेंचकर गिरवी रखे गए जेवर छुड़ाए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए। इसके बाद चोरों ने जगदीश के बड़े भाई अरविंद पाल तथा ग्रामीण स्वराम पुत्र बेंचे के घरों में भी सेंधमारी की। हालांकि वहां उन्हें कोई कीमती सामान नहीं मिला, जिससे दोनों परिवार बड़ी चोरी से बच गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो चोरी की जानकारी होने पर गांव में हडक़ंप मच गया। ग्रामीणों ने आस-पास तलाश की तो गांव से करीब एक किलोमीटर दूर कल्लन दुबे के खेत में चोरों द्वारा ले जाया गया बक्सा टूटी अवस्था में मिला। बक्से का सामान खेत में बिखरा पड़ा था, जबकि कीमती जेवर और नकदी गायब थे। सूचना मिलते ही कुंवरपुर कंडौली चौकी पुलिस और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


