
रॉन्ग साइड ड्राइविंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर दिखाएं सख्ती
Kannauj News - कन्नौज में सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि सीटबेल्ट, हेलमेट, ट्रिपलिंग, गलत साइड ड्राइविंग और नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए व्यापक रणनीति तैयार करने और जागरूकता कार्यक्रमों पर जोर दिया।
कन्नौज, संवाददाता । सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस और परिवहन विभाग सीटबेल्ट, हेलमेट, ट्रिपलिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करें। यदि बार-बार चालान के बावजूद चालक नियमों का पालन नहीं करते हैं तो उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएं। यह बात डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कही। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए व्यापक रणनीति तैयार कर उसे पूरी दृढ़ता से लागू किया जाए।
साथ ही, आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया। बैठक में शहर बस अड्डे की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि बसें केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थलों पर ही खड़ी की जाए, ताकि रोडवेज बसों के कारण यातायात व्यवस्था बाधित न हो। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को सभी टेंपो स्टैंडों की सूची उपलब्ध कराने और यह सुनिश्चित करने के आदेश दिए कि टेम्पो केवल चिन्हित स्थानों से ही संचालित हों। सर्दी और कोहरे की बढ़ती स्थिति को देखते हुए डीएम ने जिले भर के ब्लैक स्पॉट्स की पहचान करने तथा इन स्थानों पर उचित साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। जिससे दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। उन्होंने यूपीडा के अधिकारियों को भी आगाह किया कि कोहरे की स्थिति में सुरक्षा इंतजाम पहले से दुरुस्त कर दिए जाएं, ताकि मार्गों पर सुचारू यातायात व्यवस्था बनी रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय कुमार, यूपीडा के प्रतिनिधि राजेन्द्र प्रसाद सहित कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




