कन्नौज में एसपी के आदेश पर दो युवकों के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट
तिर्वा, संवाददाता। ठठिया क्षेत्र की एक 13 वर्षीय किशोरी के साथ करीब चार माह...

तिर्वा, संवाददाता।
ठठिया क्षेत्र की एक 13 वर्षीय किशोरी के साथ करीब चार माह पहले हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तमंचे की नोक पर वारदात को अंजाम देने के मामले में पुलिस पहले टरकाती रही। अब एसपी के आदेश पर दो युवकों के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पीड़िता के पिता ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि चार माह पहले उसकी पुत्री शौच के लिए रात आठ बजे के करीब खेतों की ओर गई थी। उसी दौरान ठठिया के खामा गांव निवासी जेपी ने अपने एक अज्ञात मित्र के साथ मिलकर उसकी पुत्री को दबोच लिया। तमंचे की नोक पर दोनों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घर लौटकर उसकी पुत्री ने घटना की जानकारी दी। अगले दिन उसने ठठिया थाने जाकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। ठठिया थानाध्यक्ष पीएन बाजपेई ने बताया कि एसपी के आदेश पर जेपी पुत्र चंद्रशेखर निवासी ग्राम खामा व उसके एक अज्ञात मित्र के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
