Kannauj News: बाल संस्कारशाला में बच्चों को बताए जीवन में संस्कारों के महत्व
Kannauj News: छिबरामऊ में आरबी पब्लिक स्कूल में बाल संस्कारशाला का आयोजन हुआ। संत नित्यानंद गिरिजी महाराज ने बच्चों को प्रणाम करने की महत्ता बताई। ब्रह्मचारी संत स्वरूपदास जी महाराज ने अच्छे कर्मों का महत्व बताया। उपस्थित संतों ने बच्चों को आस्था, सम्मान, और अच्छे कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

Kannauj News: छिबरामऊ, संवाददाता। नगर के मोहल्ला इंदिरानगर स्थित आरबी पब्लिक स्कूल में शनिवार को बाल संस्कारशाला का आयोजन किया गया। बाल संस्कारशाला में नियमित रूप से पढ़ाई करने वाले बच्चों ने प्रतिभाग किया। सदाशिव संत नित्यानंद गिरिजी महाराज ने बच्चों को प्रणाम करने की महत्ता बताते हुए कहा कि प्रणाम करने से आयु, विद्या, यश और बल में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि जीवन में कोई भी संकट आए तो भगवान की शरण लेकर उसका डटकर मुकाबला करना चाहिए। ऋषिकेश से पधारे ब्रह्मचारी संत स्वरुपदास जी महाराज ने कहा कि पुराने बुरे कर्मों से दुख और अच्छे कर्मों से सुख मिलता है।
ऋषिकेश से पधारे ब्रह्मचारी संत किशन जी महाराज ने पंचतत्व पर विशेष व्याख्या की। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान बनने के लिए भगवान के प्रति आस्था रखने, नियमित रूप से भगवान के दरबार में जाने, शुद्ध सात्विक प्रसाद ग्रहण करने तथा शुभ कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि भगवान के प्रसाद से भगवान के प्राणियों की सेवा करनी चाहिए। बच्चों को प्रतिदिन प्रात: उठकर सात बार राम नाम लेने तथा माता-पिता और गुरु का सम्मान करने का संकल्प दिलाया गया। उन्होंने कहा कि जीवन में माता, पिता, गुरु और भगवान को हमेशा सम्मान देना चाहिए। इससे पूर्व तीनों संतो के पधारने पर विद्यालय की शिक्षिकाओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। बाल संस्कार शाला में प्रबंधक कुसुमादेवी, संचालिका रजनेश शुक्ला, सुनीता पहल, भावना मिश्रा, निवेदिता सविता, आरिफ खान, नीलम, सायमा व विद्यालय परिवार की खुशबू शुक्ला, प्रिसिंपल माधवी सिंह ने सभी संतों का आभार व्यक्त किया।

