गेहूं और चावल न देकर सिर्फ बाजरा किया जा रहा वितरण
Kannauj News - छिबरामऊ में कोटेदारों द्वारा राशन वितरण में मनमानी की जा रही है। कार्डधारकों को उनका पूरा राशन नहीं मिल रहा, केवल बाजरा दिया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार अवैध वसूली कर रहे हैं और चावल की कालाबाजारी भी कर रहे हैं। प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है।

छिबरामऊ, संवाददाता। कोटेदारों द्वारा इस समय राशन वितरण में जमकर मनमानी की जा रही है। कार्डधारकों को उनके हक का पूरा राशन न देकर उसमें घटतौली हो रही है। वहीं सबसे बड़ी बात यह है कि इस समय ग्रामीण क्षेत्र के कई कोटेदार कार्डधारकों को गेहूं और चावल न देकर सिर्फ बाजरा ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कार्ड धारकों में रोष व्याप्त है। सरकार की ओर से गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के बावजूद, क्षेत्र के कोटेदारों द्वारा सरकारी मंशा पर पानी फेरने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कोटेदार केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली कर रहा है।
साथ ही, निर्धारित राशन के बजाय घटतौली करके पूरा राशन भी नहीं मिल रहा है, जिससे गरीब परिवारों को उनका हक नहीं मिल पा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार चावल की कालाबाजारी भी कर रहा है। जब कोई विरोध करता है, तो वह स्टॉक खत्म होने का बहाना बनाकर राशन देने से इंकार कर देता है। कई लाभार्थी महीनों से पूरा राशन नहीं पा रहे हैं, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। क्षेत्र के कल्यानपुर गांव के कार्डधारकों का आरोप है कि कोटेदार उन्हें गेहूं और चावल न देकर सिर्फ बाजरा ही उपलब्ध करा रहा है। इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक सौरभ गुप्ता ने बताया कि विभाग द्वारा चावल, बाजरा और गेहूं की पर्याप्त मात्रा सभी कोटेदारों को उपलब्ध कराई जा रही है। पूर्ति निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि राशन में कटौती करना या चावल न बांटना गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि मामले की तत्काल जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कोटेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है, कि जांच जल्द पूरी हो और दोषी कोटेदार को सजा मिले, ताकि गरीबों को उनका पूरा हक मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



