एक भी बच्चा पोलियो ड्रॉप पीने से छूआ तो सुरक्षा चक्र टूटा
Kannauj News - कन्नौज में पोलियो मुक्त बनाने के लिए 2 लाख 77 हजार 36 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। 827 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान 15 से 21 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें 3 लाख 7 हजार 198 घरों पर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमें विभिन्न स्थानों पर पोलियो ड्रॉप पिलाएंगी।
कन्नौज। जिले को पोलियो मुक्त बनाने के लिए जिले में कुल 2 लाख 77 हजार 36 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले भर में 827 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। रविवार को अभियान की शुरुआत की गई है। इस दौरान बताया गया कि 3 लाख 7 हजार 198 घरों पर जाकर शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके लिए ट्रांजिट और मोबाइल टीमों का भी गठन किया गया है। रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने पल्स पोलियो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया। अभियान के तहत बूथों पर पोलियो ड्रॉप पिलाने का कार्य निर्धारित समय से शुरू हो गया। सीएमओ डॉ. स्वदेश गुप्ता ने बताया कि 15 से 21 दिसंबर तक घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि “एक भी बच्चा अगर पोलियो ड्रॉप पीने से छूट गया तो सुरक्षा चक्र टूट जाएगा।” इसलिए सभी अभिभावक अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो ड्रॉप पिलवाएं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ईंट भट्ठों, टैम्पो स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर भी बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाएंगी। इस व्यापक अभियान में कुल 2642 टीकाकर्मी और 176 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। अभियान की सतत निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीएमओ ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पोलियो ड्रॉप की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अपने सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




