पुलिस जांच के दौरान ग्रामीणों ने की अभद्रता, 33 पर मुकदमा दर्ज
Kannauj News - छिबरामऊ के अल्हादादपुर गांव में पुलिस जांच के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की। ग्रामीणों ने एक अभियुक्त को छुड़ाने का प्रयास किया, जबकि पुलिस ने 13 नामजद सहित 33 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है।

छिबरामऊ, संवाददाता। सौरिख थाना क्षेत्र के अल्हादादपुर गांव में पुलिस जांच के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की कर दी। चर्चा है कि ग्रामीणों ने पुलिस की गिरफ्त से एक अभियुक्त को भी छुड़ा लिया। हालांकि पुलिस इस बात को सिरे से नकार रही है। इस मामले में 13 नामजद सहित कुल 33 लोगों के खिलाफ दरोगा ने मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में दो नामजद अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। घटना की शुरुआत 19 फरवरी को हुई, जब सौरिख कस्बा के संजयनगर निवासी साहिल पुत्र भगवान दास बाल्मीकि का अल्हादादपुर गांव निवासी विनय बाल्मीकि के साथ झगड़ा हो गया।
साहिल की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 28 फरवरी की शाम को उपनिरीक्षक उमेशचंद यादव अपने हमराह सिपाहियों डालचंद और निहाल सिंह के साथ निजी वाहन से जांच के लिए अल्हादादपुर पहुंचे। उन्होंने विनय को पूछताछ के लिए गाड़ी में बैठाया और वहां से रवाना होने लगे। इसकी सूचना मिलते ही विनय के परिजनों और ग्रामीणों ने गाड़ी रोक ली। उन्होंने विनय को छोडऩे के लिए दबाव बनाया और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की तथा अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान विनय मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। उपनिरीक्षक ने घटना की जानकारी प्रभारी निरीक्षक जयंतीप्रसाद गंगवार को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक दल बल के साथ गांव पहुंचे, लेकिन तब तक ग्रामीण इधर-उधर भाग चुके थे। कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी और पुलिस लौट आई। बाद में उपनिरीक्षक उमेशचंद यादव की तहरीर पर राहुल उर्फ मुकनू पुत्र दुर्योधन, आलोक पुत्र सुघर लाल, अमित ठाकुर पुत्र अरविंद ठाकुर, गौरव पुत्र पूरन सिंह, पूरन सिंह पुत्र सोबरन सिंह, विकास पुत्र सुघरलाल, शिवानी पुत्री सुघरलाल, अनु पुत्र सुघरलाल, विनय पुत्र जयकुमार, कल्लू उर्फ विनय पुत्र गुलाब राठौर, रोहन पुत्र सुघरलाल, विक्रम पुत्र जयकुमार, जयकुमार पुत्र प्रभुदयाल तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस के साथ अभद्रता करने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। बीती रात पुलिस ने छापेमारी कर विनय और प्रभुदयाल को गिरफ्तार किया तथा उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



